
IND vs SL 2nd Test Day 3 Highlights: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय टीम काफी मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। भारत के पहली पारी में 503 रन के जवाब में श्रीलंकाई टीम अपनी पहली पारी में 200 से पहले ही सात विकेट खो चुकी है और उस पर पारी से हार का खतरा मंडरा रहा है। पसिंदु सोरियाबंदरा को छोड़कर कोई बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच पाया है। तीसरे दिन जहां भारतीय गेंदबाज शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं, तो फील्डर भी श्रीलंकाई प्लेयर्स को उकसाने का प्रयास करते नजर आए हैं। सरफराज खान की धनंजय डी सिल्वा से कुछ ऐसी ही बातचीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
बता दें कि सरफराज खान जब भी मैदान पर बल्लेबाजी या फील्डिंग कर रहे होते हैं, तो वह शांत नहीं रहते हैं। इस बात को वह कई बार खुद भी कह चुके हैं। कोलंबो टेस्ट के तीसरे दिन सरफराज शॉर्ट लेग और सिली पॉइंट पर फील्डिंग करते समय काफी खुश नजर आए। इस दौरान उन्होंने लगभग हर श्रीलंकाई बल्लेबाज से बात की है।
जब मानव सुथार गेंदबाजी करने वाले थे, तब उन्होंने श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा से कहा कि ब्रो, कुछ नहीं है, ब्रो। तुम सीधे देखो ना, लेफ्ट और राइट साइड क्यों देख रहे हो? (लॉन्ग-ऑन और लॉन्ग-ऑफ की ओर इशारा करते हुए) तुम बस समय बर्बाद कर रहे हो, ब्रो, डरो मत, खेलो। तुम कप्तान हो। तुम इसी का इंतजार कर रहे हो। यह सरफराज की धनंजय के आउट होने से पहले की बात है।
इसके बाद मानव सुथार जब 35वां ओवर फेंक रहे थे, तो उस ओवर की पांचवीं गेंद पर धनंजय डी सिल्वा केएल राहुल के हाथों कैच आउट हुए। वह सुथार का दूसरा शिकार बने। सुथार ने श्रीलंकाई कप्तान को मिडिल और ऑफ की तरफ अच्छी तरह से टॉस की गई गेंद फेंकी। टर्न लेती गेंद को धनंजय ने डिफेंड करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए जुरेल के ग्लव्स से डिफ्लेक्ट होकर स्लिप में फील्डर की तरफ गई। जहां खड़े राहुल ने कुछ अच्दी कोशिश करते हुए कैच को पूरा किया। यह काफी शानदार कैच रहा। धनंजय 14 गेंदों पर सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हुए।