क्रिकेट

IND vs SL: ऋषभ पंत की चालाकी के चलते शतक से पहले पासिंदू ने फेंका विकेट, स्टंप-माइक में कैद हुई बातचीत

IND vs SL 2nd Test Day 4: चायकाल के बाद 92 के निजी स्‍कोर पर खेल रहे पासिंदु सूरियाबंदारा अपना शतक पूरा करने के लिए काफी बेचैन नजर आए। विकेट के पीछे खड़े ऋषभ पंत ने उनके इरादों को भांपते हुए मिड ऑन के फील्‍डर को तैयार रहने को कहा और फिर अगली ही गेंद पर पासिंदु ने अपना विकेट फेंक दिया। पंत की ये चालाकी भरी बातचीत स्‍टंप माइक में कैद हो गई है।
2 min read
Aug 26, 2026
IND vs SL 2nd Test Day 4, pasindu sooriyabandara stumping by rishabh pant,
पासिंदु सूरियाबंदारा को स्‍टंप आउट करते ऋषभ पंत। (फोटो सोर्स: वीडियो स्‍क्रीन शॉट)

IND vs SL 2nd Test Day 4 Highlights: भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेला जा रहा है। टेस्ट के चौथे दिन टी ब्रेक के बाद श्रीलंका ने दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर अपने स्‍कोर को 220 के पार पहुंचा दिया है। अब वह भारत के सामने लक्ष्‍य रखने की स्थिति में पहुंच गया है। मेजबान टीम को चायकाल के बाद सबसे बड़ा झटका पासिंदु सूरियाबंदारा के रूप में लगा। वह 173 गेंदों पर 92 रन बनाकर स्‍टंप आउट हुए। जबकि इससे पहले वह एलबीडब्‍ल्‍यू आउट होने से बाल-बाल बचे थे। उनकी हड़बड़ाहट को ऋषभ पंच पहले ही समझ गए थे।

ऋषभ पंत ने पहले ही भांप ली थी पासिंदु की बेचैनी

दरअसल, सूरियाबंदरा के आउट होने से पहले ऋषभ पंत की कुछ बातचीत स्टंप माइक में कैद हुई है। इनसाइड एज की वजह से डीआरएस से एलबीडब्‍ल्‍यू का फैसला बदलने के बाद पंत को लगा कि बैट्समैन बेचैन हो रहा है। पंत ये भांपते हुए तुरंत मिड-ऑन के फील्डर को तैयार रहने को कहा। पासिंदू ने अगली बॉल पर आगे बढ़कर मारने का प्रयास किया, लेकिन मानव सुथार ने ऑफ के बाहर वाइडर बॉल फेंकी। पंत ने बगैर देर किए सफलतापूर्वक स्टंपिंग कर दी। इस तरह पंत ने बड़ी ही चालाकी से पासिंदु को अपना शतक पूरा करने से रोक दिया।

दूसरी पारी में भी खराब शुरुआत

पहली पारी में 290 के स्कोर पर ऑलआउट होने के कारण श्रीलंका को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। दूसरी पारी में भी मेजबान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और लाहिरू उदारा सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए सूरियाबंदारा और कामिल मिशारा ने मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी निभाई और 58 रन जोड़े। कामिल 39 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए।

212 के स्‍कोर पर लगा सबसे बड़ा झटका

63 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका की पारी को कामिंदु मेंडिस ने सूरियाबंदारा के साथ मिलकर संभाला। दोनों ने मिलकर 170 गेंदों में 115 रन जोड़े। मेंडिस 92 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान धनंजय डी सिल्वा 23 रन बनाकर आउट हुए। फिर 212 के स्‍कोर पर सूरियाबंदारा के रूप में श्रीलंका को सबसे बड़ा झटका लगा। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 9 विकेट खोकर 503 रन बनाने के बाद घोषित की थी, जिसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई थी।

Updated on:
26 Aug 2026 04:51 pm
Published on:
26 Aug 2026 04:50 pm