
भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और हर्षित राणा। (Photo- IANS)
Ajinkya Rahane: आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड कप अगले साल 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित शेड्यूल सामने आने के बाद दुनिया भर की टीमें तैयारियों में जुट गई हैं। भारतीय टीम भी इससे अछूती नहीं है। हालांकि, बल्लेबाजी से ज्यादा भारत की गेंदबाजी को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों के मन में सवाल हैं। इसकी वजह घरेलू सरजमीं पर हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों द्वारा भारतीय गेंदबाजों की धुनाई करना है। ऐसे में अजिंक्य रहाणे ने मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए अपनी पसंदीदा गेंदबाजी यूनिट चुनी है। इसे सोनी स्पोर्ट्स की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है।
अजिंक्य रहाणे ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत के पांच तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह को पहली पसंद बताया है। उनके अलावा उन्होंने अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और मयंक यादव को अपनी सूची में शामिल किया है। 'सोनी स्पोर्ट्स' की ओर से शनिवार को किए गए पोस्ट में अजिंक्य रहाणे ने कहा, 'पहले नंबर पर जसप्रीत बुमराह, इसमें कोई शक नहीं। दूसरे नंबर पर अर्शदीप सिंह, तीसरे पर प्रसिद्ध कृष्णा, चौथे पर मोहम्मद सिराज और पांचवें पर मयंक यादव।'
अजिंक्य रहाणे की इस पसंद में सबसे दिलचस्प नाम मयंक यादव का है, जिन्होंने अभी तक भारतीय टीम के लिए वनडे में डेब्यू भी नहीं किया है। इसके बावजूद अजिंक्य रहाणे ने उन्हें आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए संभावित तेज गेंदबाजों में शामिल किया है।
अजिंक्य रहाणे ने आगामी आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड कप के लिए मोहम्मद शमी को नहीं चुना है। यह तब है जब मोहम्मद शमी वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भी शानदार प्रदर्शन किया था और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। वह आखिरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारतीय टीम के लिए खेले थे।
वहीं, अजिंक्य रहाणे ने हर्षित राणा को भी अपनी सूची से बाहर रखा है। नवंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले हर्षित राणा अब तक भारत के लिए तीनों प्रारूपों में खेल चुके हैं। उन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर का भरोसेमंद खिलाड़ी माना जाता है। हालांकि, अजिंक्य रहाणे की संभावित पांच सदस्यीय तेज गेंदबाजी यूनिट में उन्हें जगह नहीं मिली।
भुवनेश्वर कुमार भी अजिंक्य रहाणे की पसंद में शामिल नहीं हैं। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के दम पर भुवनेश्वर की भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है। उनकी वापसी को आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2027 से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
Updated on:
25 Oct 2026, 12:31 PM IST
Published on:
25 Oct 2026, 12:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.