क्रिकेट

IND vs SL: टीम इंडिया पर भारी पड़ सकता है शुभमन गिल का फैसला, 5वें दिन बैटिंग करना नहीं होगा आसान

India vs Sri Lanka 2nd Test: कोलंबो टेस्ट में श्रीलंका ने दूसरी पारी में 2 विकेट गंवाकर 160 रन बनाकर टीम इंडिया की चिंता बढ़ा दी है। पसिंदु सूर्याबंडारा और कमिंडू मेंडिस के बीच मजबूत साझेदारी के बाद भारतीय टीम के सामने खतरा मंडरा रहा है।
2 min read
Aug 26, 2026
shubman gill
शुभमन गिल (फोटो- IANS)

IND vs SL 2nd Test Day 4 Update: पसिंदु सूर्याबंडारा और कमिंडू मेंडिस के बीच दूसरी पारी में 100+ रनों की साझेदारी ने टीम इंडिया की चिंता बढ़ा दी है। श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर ही ढेर हो गई, जिसकी वजह से वह फॉलोऑन नहीं टाल पाए और शुभमन गिल ने फिर से उन्हें बल्लेबाजी करने के लिए कहा। यही शुभमन का फैसला अब टीम इंडिया पर भारी पड़ सकता है। श्रीलंका ने 170 रन बना लिए हैं और उसके सिर्फ 2 विकेट गिरे हैं। कोलंबो के इस मैदान पर पांचवें दिन बल्लेबाजी करना आसान नहीं होगा। ऐसे में अगर श्रीलंका 200 के आसपास का लक्ष्य देता है, तो टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

श्रीलंका ने चौथे दिन की शुरुआत 8 विकेट पर 265 रन से की। आखिरी दोनों बल्लेबाज 25 रन जोड़कर आउट हो गए और पूरी टीम 290 रन पर सिमट गई। श्रीलंका की ओर से सोनल दीनूशा ने शतक जड़ा, तो पसिंदु सूर्याबंडारा ने 80 रन की पारी खेली। श्रीलंका के आखिरी दोनों विकेट सारांश जैन ने चटकाए, तो मानव सुथार और प्रसिद्ध कृष्णा को 3-3 सफलता मिली। इसके अलावा सिराज-जडेजा ने 1-1 विकेट हासिल किया।

तीसरे विकेट के लिए 100+ रन की साझेदारी

श्रीलंका ने दूसरी पारी में 170 रन बना लिए हैं और खबर लिखे जाने तक उसके 2 ही विकेट गिरे थे। मेंडिस 54 और सूर्याबंडारा 77 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद अभी चौथे दिन और 48 ओवर का खेल बाकी है। ऐसे में अगर 48 ओवर तक श्रीलंकाई बल्लेबाज टिक जाते हैं, तो वह टीम इंडिया के खिलाफ 150-200 रन की बढ़त हासिल कर सकते हैं। ऐसे में पांचवें दिन भारतीय टीम के लिए लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल हो सकता है। चौथे दिन पिच से स्पिनर्स को अब तक कुछ खास मदद नहीं मिली है। लेकिन इतिहास गवाह है कि आखिरी दिन स्पिनर्स के हाथ में मैच होता है। यही वजह है कि गिल का फैसला टीम इंडिया पर भारी पड़ सकता है।

टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 509 रन बनाकर घोषित की थी। देवदत्त पड्डिकल ने सीरीज का दूसरा शतक लगाते हुए 117 रन की पारी खेली थी। वहीं, ध्रुव जुरेल ने भी शतक लगाते हुए 177 गेंद पर नाबाद 115 रन बनाए थे। इसके अलावा, ऋषभ पंत ने 63, शुभमन गिल ने 50 और यशस्वी जायसवाल ने 45 रन की पारी खेली थी। टीम इंडिया ने पहला मुकाबला जीत लिया था।

Updated on:
26 Aug 2026 02:00 pm
Published on:
26 Aug 2026 02:00 pm