क्रिकेट

IND vs SL: दुर्भाग्य से हम… आखिरी मैच में भारत को कांटे टक्कर देकर हारने के बाद छलका श्रीलंकाई कप्तान का दर्द

IND vs SL Match Highlights: एशिया कप 2025 में आखिरी सुपर 4 मुकाबला शुक्रवार को दुबई में भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने सुपर ओवर में जीत दर्ज की। खाली हाथ घर लौटने से पहले डिफेंडिंग चैंपियन टीम के कप्‍तान चरिथ असलंका ने कहा कि दुर्भाग्‍य से हम पिछले दो मैच हार गए।

2 min read
Sep 27, 2025
श्रीलंका के कप्‍तान चरिथ असलंका। (फोटो सोर्स: IANS)

India vs Sri Lanka Match Highlights: एशिया कप 2025 में भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए आखिरी सुपर-4 मैच का परिणाम सुपर ओवर के माध्यम से आया। दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सुपर ओवर में श्रीलंका सिर्फ दो रन ही बना सकी। कुसाल परेरा और शनाका ने अपना विकेट बिना खाता खोले गंवाया। कामिंडु मेंडिस 1 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की तरफ से सुपर ओवर अर्शदीप ने डाला। जीत के लिए जरूरी 3 रन सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर बनाकर टीम को जीत दिला दी। श्रीलंका के लिए सुपर ओवर लेकर वानिंदु हसरंगा लेकर आए थे। हालांकि इससे पहले श्रीलंका ने भारत के 202 रन के विशाल लक्ष्‍य की बराबरी करते हुए कड़ी टक्‍कर दी थी। टूर्नामेंट से खाली हाथ लौटने का दर्द डिफेंडिंग चैंपियन टीम के कप्‍तान चरिथ असलंका के चेहरे पर साफ नजर आया।

ये भी पढ़ें

IND vs PAK: भारत के पास 8 साल बाद फाइनल में पाकिस्तान से ‘बदला’ लेने का मौका, जब मिला था सबसे बड़ी हार का जख्म

दुर्भाग्य से हम पिछले दो मैचों में जीत नहीं पाए- असलंका

मैच के बाद चरिथ असलंका ने कहा कि ये एक शानदार मैच था। वरुण और कुलदीप के बीच के ओवरों तक हम मैच में बने हुए थे। निसांका की बल्लेबाजी अविश्वसनीय थी। उनके पास कुछ बेहतरीन गेंदबाज़ हैं और उन्हें आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाजी करते देखना वाकई अच्छा लगा। उन्‍होंने कहा कि एशिया कप से कई सकारात्मक बातें सामने आई हैं। हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। लेकिन, दुर्भाग्य से हम पिछले दो मैचों में जीत नहीं पाए।

अभिषेक और संजू ने जमकर की कुटाई

मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर से तूफानी बल्लेबाजी करते हुए लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ा। महज 22 गेंद पर अर्धशतक लगाने वाले अभिषेक ने 31 गेंद पर 2 छक्के और 8 चौके की मदद से 61 रन की तूफानी पारी खेली। संजू सैमसन भी अच्छे टच में दिखे। उन्‍होंने 23 गेंद पर 3 छक्के और 1 चौके की मदद से 39 रन की पारी खेली। वहीं, तिलक वर्मा 34 गेंद पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे।

पाथुम निसांका ने महज 52 गेंदों पर जड़ा शतक

भारत के 203 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका के लिए ओपनर पाथुम निसांका ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और 52 गेंद पर शतक लगाया। यह टी20 का उनका पहला शतक रहा। निसांका पारी की शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों पर हावी रहे। निसांका आखिरी ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए। उन्‍होंने 58 गेंद पर 6 छक्के और 7 चौके की मदद से 107 रन बनाए।

दूसरे विकेट के लिए 127 रन की साझेदारी

कुसाल परेरा ने 32 गेंद पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 58 रन की पारी खेली। परेरा ने निशांका के साथ दूसरे विकेट के लिए 127 रन की साझेदारी की। कप्तान असलंका 5 और कामिंडु मेंडिस 3 रन बनाकर आउट हुए। शनाका 11 गेंद पर 22 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका को आखिरी गेंद पर 3 रन की जरूरत थी। टीम 2 रन बना सकी और मैच ड्रॉ रहा। इसके बाद भारत ने सुपर ओवर में मुकाबला जीत लिया।

Also Read
View All

अगली खबर