
India vs Sri Lanka, Rising Star Asia Cup 2026: टीम इंडिया के स्टार सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में सिर्फ 40 रन की पारी खेली। इससे पिछले मुकाबले में उन्होंने UAE के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ 204 रन बनाए थे, जिससे टीम इंडिया ने 15वें ओवर में ही 250 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया था। सेमीफाइनल में श्रीलंका ने उन्हें आउट करने के लिए पहले ओवर से ही जाल बिछा दिया और 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर उसे सफलता मिल ही गई।
आउट होने से पहले सूर्यवंशी ने अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। 8वें ओवर तक टीम इंडिया की पारी में 3 छक्के लगे थे और तीनों सूर्यवंशी के बल्ले से निकले थे। वेस्ट एंड पार्क की पिच स्पिनर्स के लिए मददगार है और पिच रिपोर्ट के दौरान श्रीलंका के पूर्व गेंदबाज फरवीज महरूफ ने भी इस बात का जिक्र किया था। टीम इंडिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका ने पहले ही ओवर से स्पिनर्स को आक्रमण पर लगा दिया। इसका फायदा भी मिला और सूर्यवंशी ने खुद को पहले ओवर में रोककर रखा।
पारी का तीसरा ओवर फिर स्पिनर्स से करवाया गया और इसकी 5वीं गेंद पर सूर्यवंशी ने पारी का पहला छक्का जड़ दिया। इसके बाद पारी का पहला और तीसरा ओवर डालने वाले रविंदू फर्नांडो का छोर बदला गया और छठे ओवर में उन्हें फिर से मोर्चे पर लगाया गया। इस बार सूर्यवंशी ने छक्के के साथ ओवर की शुरुआत की। श्रीलंकाई कप्तान पवन रत्नायके ने हार नहीं मानी और 8वें ओवर के दौरान गेंदबाज बदल दिया। श्रीलंका की सीनियर टीम के लिए 43 मैच खेलने वाले जनिथ लियानागे ने सूर्यवंशी को आखिरकार आउट कर टीम को बड़ी सफलता दिलाई।
जनिथ श्रीलंका की सीनियर टीम के लिए अब तक सिर्फ 5 वनडे विकेट हासिल कर पाए हैं। हालांकि, यहां उनकी चाल कामयाब रही। स्पिन फ्रेंडली पिच पर उन्होंने लगातार सूर्यवंशी की पैड लाइन पर शॉर्ट बॉल रखने की कोशिश की और 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर उनकी चाल काम आ गई। सूर्यवंशी 27 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हो गए। सूर्यवंशी का इस मैदान पर तीसरा मुकाबला था। इससे पहले नेपाल और पाकिस्तान के खिलाफ भी सूर्यवंशी ने यहां बैटिंग की थी और दोनों मैचों में फ्लॉप रहे थे।