क्रिकेट

IND vs SL: जम्मू कश्मीर के आकिब नबी की अचानक चमकी किस्मत, जसप्रीत बुमराह की जगह टेस्ट टीम में मिली जगह

India vs Sri Lanka Test Series 2026: श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज से चोटिल जसप्रीत बुमराह बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने उनके विकल्प के रूप में रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है।
2 min read
Aug 03, 2026
Aqib Nabi replaced injurd Jasprit Bumrah
जसप्रीत बुमराह और आकिब नबी (फोटो- BCCI)

India's updated squad vs Sri Lanka:श्रीलंका दौरे पर खेली जाने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड में बड़ा बदलाव हुआ है। जसप्रीत बुमराह को टीम से बाहर कर आकिब नबी को शामिल कर लिया गया है। सोमवार की सुबह बीसीसीआई (BCCI) ने बताया कि जसप्रीत बुमराह की जगह अब श्रीलंका दौरे पर जम्मू कश्मीर के तूफानी गेंदबाज जाएंगे। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में बुमराह की घुटने की चोट दोबारा उभर आई थी। मैनेजमेंट उन्हें ठीक होने के लिए पूरा समय देना चाहता है। यही वजह है कि श्रीलंका दौरे से उन्हें बाहर होना पड़ा है।

15 अगस्त से पहले टेस्ट

सिलेक्शन कमेटी ने आकिब नबी को बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना है, जो पहली बार नेशनल टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं। नबी ने रणजी ट्रॉफी के पिछले दो सीजन में 100 से ज्यादा विकेट चटकाए हैं। पिछले सीजन में उन्होंने 60 विकेट हासिल कर सनसनी मचा दी थी, जिसकी बदौलत जम्मू-कश्मीर पहली बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनी थी। इसके अलावा उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए भारत-ए (India A) की टीम में भी चुना गया था, जहाँ उन्होंने पहले दो फर्स्ट-क्लास मैचों में 6 विकेट चटकाए थे।

आपको बता दें कि भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुँचने के लिहाज से ये दोनों टेस्ट मैच काफी महत्वपूर्ण हैं। भारत इस साइकिल में अब तक 9 टेस्ट खेल चुका है, जिनमें से सिर्फ 4 मैचों में जीत मिली है। बचे हुए 9 में से अगर भारतीय टीम 7 मैच जीतती है, तो ही उसके फाइनल में पहुँचने की उम्मीद बची रहेगी। ऐसे में श्रीलंका दौरे पर दोनों टेस्ट भारत के लिए बेहद अहम हैं। सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से खेला जाएगा।

WTC 2025-27 की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया सबसे आगे है। उसने 8 में से 7 मैच जीते हैं। दूसरे स्थान पर डिफेंडिंग चैंपियन साउथ अफ्रीका है, जिसने 4 में से 3 मैच जीते हैं। न्यूजीलैंड ने 6 में से 4 मैच जीते हैं और वह तीसरे स्थान पर हैं, तो बांग्लादेश ने 4 में से 2 मैच जीतकर भारत को पीछे छोड़ दिया है।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी।

Updated on:
03 Aug 2026 10:11 am
Published on:
03 Aug 2026 09:58 am