कप्तान विराट कोहली और उपकप्तान रोहित शर्मा के दमदार शतकों के दम पर भारत ने गुवाहाटी वनडे में वेस्टइंडीज को 8 विकेट के अंतर से हराया।
नई दिल्ली। भारत-वेस्टइंडीज के बीच बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले ODI मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने तूफानी पारियां खेल कई रिकॉर्डों को नेस्तनाबूद किया। विराट ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया और अपना शतक रोहित से बहुत जल्द ही पूरा कर लिया। पर हिटमैन कहां पीछे रहने वाले थे, उन्होंने अर्धशतक के बाद तेजी पकड़ कोहली के हर शॉट को मैच किया। कोहली के आउट होने पर रोहित ने अपने अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मैच 47 गेंद रहते ही ख़त्म कर दिया । रोहित ने 117 गेंदों में 8 छक्के और 15 चौकों की मदद से 152 रनों की नाबाद पारी खेल कई नए रिकॉर्ड गड़े। उनकी इस रिकॉर्ड तोड़ पारी ने भारत को 8 विकेट से जीत दिलाई। आइए एक नजर डालते हैं विंडीज के खिलाफ रोहित द्वारा बनाए गए नए रिकार्ड्स पर-
1. चौथी बार जड़े 8 से अधिक छक्के-
रोहित शर्मा ने विंडीज के खिलाफ 152 रनों की पारी के दौरान 8 छक्के जड़े। यह चौथी बार है जब रोहित ने ODI में 8 या उससे अधिक छक्के लगाए हैं। भारतीय बल्लेबाजों में रोहित के अलावा ODI मैच में 8 या उससे अधिक छक्के केवल महेंद्र सिंह धोनी और युसूफ पठान ही लगा पाए हैं। इन दोनों ने एक-एक बार ऐसा किया है जबकि रोहित चार बार ऐसा कर चुके हैं। भारत के लिए ODI खेल चुके 223 खिलाड़ी मिलकर भी रोहित के इस रिकॉर्ड की बराबरी नहीं कर पाए हैं।
2. रोहित ने छठी बार छुआ 150 का आकड़ा-
रोहित शर्मा ODI क्रिकेट में छह बार 150 का आकड़ा छू चुके हैं। ऐसा करने वाले वह पहले बल्लेबाज हैं। 5 बार 150+ बनाकर दूसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर और डेविड वार्नर हैं। 4 बार ऐसा कर तीसरे नंबर पर सनथ जयसूर्या, क्रिस गेल और हाशिम आमला हैं।
3. सभी पुराने 9 ICC सदस्य देशों के खिलाफ शतक-
वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक के साथ रोहित शर्मा सभी पुराने 9 ICC सदस्य देशों के खिलाफ शतक लगाने वाले 10वें बल्लेबाज बन गए हैं। भारतीयों में वह सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के बाद तीसरे हैं। यह बल्लेबाज हासिल कर चुके हैं यह मुकाम- सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग, हर्सल गिब्स, हाशिम आमला, विराट कोहली, रॉस टेलर, एबी डिविलियर्स, मार्टिन गप्टिल, उपुल थरंगा और रोहित शर्मा।
4. आठवें सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज-
विंडीज के खिलाफ 8 छक्के जड़ रोहित ODI में आठवें सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय बल्लेबाज सौरव गांगुली को इस मामले में पछाड़ दिया है। गांगुली के 190 छक्के थे और अब रोहित के 194 छक्के हैं। छक्के के मामले में रोहित महान सचिन से केवल 1 के अंतर से पीछे हैं। उनसे आगे अब शाहिद अफरीदी, क्रिस गेल, सनथ जयसूर्या, एमएस धोनी, एबी डिविलियर्स, ब्रेंडन मॅक्कुलम और सचिन तेंदुलकर हैं।
ये भी पढ़ें