
अमीर जांगू और केविन विकहम के बीच हुई 131 रन की साझेदारी। (Photo- X/@windiescricket)
Bangladesh vs West Indies: बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला सिलहट स्थित सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में शुरुआती झटकों से उबरते हुए वेस्टइंडीज ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 235 रन बना लिए थे। स्टंप्स के समय अमीर जांगू और जस्टिन ग्रीव्स क्रीज पर मौजूद थे।
वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके तीन विकेट महज 27 रन पर गिर गए। ऐसे मुश्किल समय में केविन विकहम और अमीर जांगू ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने बांग्लादेशी गेंदबाजों का डटकर सामना किया और शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को संकट से उबारा। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 249 गेंदों में 131 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। केविन विकहम 61 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 145 गेंदों का सामना किया और 5 चौके लगाए।
केविन विकहम के आउट होने के बाद जस्टिन ग्रीव्स बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे। उन्होंने अमीर जांगू के साथ मिलकर सूझबूझ भरी बल्लेबाजी की और पहले दिन का खेल समाप्त होने तक टीम का स्कोर 4 विकेट पर 235 रन तक पहुंचा दिया।
अमीर जांगू ने इस दौरान अपना दूसरा टेस्ट शतक पूरा किया। वह 171 गेंदों में 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 111 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, जस्टिन ग्रीव्स 62 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 35 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। बांग्लादेश की ओर से पहले दिन स्टंप्स तक तस्कीन अहमद और हसन महमूद ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे है। वेस्टइंडीज ने मेजबान बांग्लादेश को पहले टेस्ट मैच में 8 विकेट से हराया था। बांग्लादेश ने पहली पारी में 272 रन बनाए थे, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 245 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इस तरह बांग्लादेश को पहली पारी के आधार पर 27 रनों की मामूली बढ़त मिली थी।
इसके बाद बांग्लादेश की दूसरी पारी महज 142 रन पर सिमट गई। इस तरह पहली पारी की बढ़त के आधार पर बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज को जीत के लिए 170 रनों का लक्ष्य दिया था। वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया।
Updated on:
5 Nov 2026, 5:50 PM IST
Published on:
5 Nov 2026, 5:41 PM IST
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
IND U19 vs NEP U19: नेपाल के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी टीम इंडिया, जानें कब और कहां देखें लाइव

Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.