
बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान U19 मैच (फोटो- ACC X)
U19 Asia Cup 2026, AFG vs BAN Highlights: गुरुवार को अंडर-19 एशिया कप 2026 के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान ने दो बार की चैंपियन बांग्लादेश को 113 रन से हरा दिया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 49 ओवर में अपने सभी विकेट गंवाकर 231 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 26वें ओवर में ही 118 रन पर ढेर हो गई। 113 रन से बड़ी जीत के बावजूद अफगानिस्तान की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।
इससे पहले मुकाबले में श्रीलंका ने मलेशिया को 9 विकेट से हराया था। श्रीलंका ने मलेशिया के खिलाफ 13.5 ओवर में ही मैच जीत लिया था, जिससे उसका नेट रन रेट +4.818 हो गया, जबकि अफगानिस्तान की 113 रन से जीत के बावजूद उसका नेट रन रेट +2.260 है। यही वजह है कि अफगानिस्तान अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।
इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 117 रन पर अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। दोनों सलामी बल्लेबाज सिर्फ 15-15 रन बना सके, तो सुभान जाखैल ने चार रन बनाए। इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज नोमन सलारजई ने 16 रन की पारी खेली। लेकिन शाह फैसल रहीमी ने 83 और ताहिर सरवरी ने 37 रन की पारी खेलकर टीम को शुरुआती झटकों से उबार दिया।
हालांकि, कप्तान सोहेल खान सिर्फ 17 रन बनाकर आउट हो गए और पुछल्ले बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके, जिससे अफगानिस्तान की अंडर-19 टीम 231 रन पर ढेर हो गई। बांग्लादेश की ओर से ताफिउल आलम ने चार विकेट चटकाए, जबकि रॉबीउल हसन ने दो विकेट हासिल किए।
232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। पहला विकेट 7 रन पर गिर गया, तो 20 रन के स्कोर पर एक के बाद एक दो झटके लगे। 27 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट गई और 99 रन पर 9 बल्लेबाज आउट हो गए थे। 118 रन के स्कोर पर रूबे इस्लाम के आउट होते ही बांग्लादेश की पूरी टीम सिमट गई और अफगानिस्तान ने 113 रन से मुकाबला जीत लिया। अब अपने दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान का सामना 7 नवंबर को मलेशिया से होगा, तो वहीं बांग्लादेश की टक्कर श्रीलंका से 7 नवंबर को होगी।
Updated on:
5 Nov 2026, 5:41 PM IST
Published on:
5 Nov 2026, 5:35 PM IST
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.