क्रिकेट

IND vs WI 1st T20: वेस्‍टइंडीज ने भारत के सामने रखा 172 रन का लक्ष्य, डेब्यूटेंट नमन धीर ने गेंदबाजी में किया कमाल

IND vs WI 1st T20 Score: भारत के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए महज 172 रन का लक्ष्‍य रखा है। इस मुकाबले में भारत के लिए टी20 डेब्यू कर रहे नमन धीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए हैं।
2 min read
• •
Oct 06, 2026
IND vs WI 1st T20 Score, Naman Dhir
नमन धीर को विकेट लेने की बधाई देते अर्शदीप सिंह और संजू सैमसन। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

India vs West Indies 1st T20 Toss and Playing XI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच 6 अक्‍टूबर को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्‍टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी वेस्‍टइंडीज की टीम ने भारत के सामने 172 रन का लक्ष्‍य रखा है। भारत की ओर से टी20 डेब्‍यूटेंट नमन धीर ने सबसे ज्‍यादा तीन विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं, वेस्‍टइंडीज की ओर से कप्‍तान शाई होप ने सिर्फ 37 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और दो छक्‍कों की मदद से 52 रन और शेरफैन रदरफोर्ड ने 56 रन की शानदार पारी खेली है।

शिमरोन हेटमायर के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी वेस्‍टइंडीज को सलामी बल्‍लेबाज और कप्‍तान शाई होप और कामिल पूरन ने ठीक-ठाके शुरुआत दिलाई। इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 4.3 ओवर में 38 रन की साझेदारी हुई। पूरन 11 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार हुए। इसके बाद टीम का स्‍कोर 44 रन पर ही पहुंचा था कि शिमरोन हेटमायर बदकिस्‍मती से रन आउट हो गए। इसके साथ ही उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वह टी20 इंटरनेशनल में सात बार सबसे ज्‍यादा रन आउट होने वाले वेस्‍टइंडीज के पहले बल्‍लेबाज बन गए। उन्‍होंने दो गेंदों पर पांच रन बनाए। फिर रोवमैन पॉवेल बगैर खाता खोले अक्षर पटेल की गेंद पर क्‍लीन बोल्‍ड हो गए।

रदरफोर्ड के अर्धशतक के दम पर 171 तक पहुंची वेस्‍टइंडीज

पावरप्‍ले में तीन विकेट गंवाने के बाद शाई होप का रदरफोर्ड ने अच्‍छा साथ दिया। इन दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए महज 35 गेंदों पर 63 रन की साझेदारी हुई। कप्‍तान होप 37 गेंदों पर छह चौके और दो छक्‍कों की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पांचवां विकेट रोस्‍टन चेज (5) के रूप में 114 के स्‍कोर पर गिरा। यहां से लग रहा था कि वेस्‍टइंडीज की टीम 150 के भीतर सिमट जाएगी। लेकिन, शेरफैन रदरफोर्ड ने एक छोर संभाले रखा और अपना अर्धशतक पूरा करते हुए वेस्‍टइंडीज की टीम को 171 के स्‍कोर पर पहुंचाया। रदरफोर्ड ने सिर्फ 34 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और तीन छक्‍कों की मदद से 56 रन की शानदार पारी खेली।

डेब्‍यूटेंट नमन धीर ने चटकाए तीन विकेट

वहीं, भारत की ओर से सबसे ज्‍यादा विकेट डेब्‍यूटेंट नमन धीर ने लिए। उन्‍होंने अपने चार ओवर के स्‍पेल में 31 रन खर्चते हुए तीन विकेट चटकाए। वहीं, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट, तो अर्शदीप सिंह और मयंक यादव ने एक-एक विकेट लिया।

Updated on:
06 Oct 2026 09:06 pm
Published on:
06 Oct 2026 08:42 pm