
India vs West Indies 3rd ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही तीन वनडे मैचों की सीरीज में मेजबान टीम इंडिया ने 2-0 से पहले ही अजेय बढ़त बना रखी है। शनिवार को सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने मेहमान विंडीज टीम के सामने 352 रन का लक्ष्य रखा है। भारत की ओर से जहां रोहित शर्मा ने 85 गेंदों पर 92 रन, रुतुराज गायकवाड़ ने 69 गेंदों पर 57 रन और केएल राहुल ने 87 गेंदों पर 129* रन की पारी खेली है। वहीं, वेस्टइंडीज की ओर से जायडेन सील्स ने तीन विकेट और कीमो पॉल ने दो विकेट लिए हैं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। उसने महज चार के स्कोर पर शुभमन गिल (1) और विराट कोहली (0) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद रोहित शर्मा का साथ देने रुतुराज गायकवाड़ मैदान पर उतरे। दोनों बड़ी सूझबूझ के साथ तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी करते हुए टीम का कमबैक कराया। लेकिन, रोहित शर्मा 92 पर ही पहुंचे थे कि तेज खेलने के चक्कर में 141 के स्कोर पर अपना विकेट गंवा दिया और शतक से भी चूक गए।
इसके बाद 160 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका रुतुराज गायकवाड़ के रूप में गिरा। गायकवाड़ 69 गेंदों पर एक चौके और चार छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे। केएल राहुल ने एक छोर से तेज खेलना जारी रखा तो दूसरे छोर से नियमित अंतराज पर विकेट गिरते रहे। नमन धीर 21 गेंदों पर 30 रन, नीतीश रेड्डी 16 गेंदों पर 9 रन और अंशुल कंबोज 9 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए।
भारत ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 351 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए। केएल राहुल ने महज 87 गेंदों पर 10 चौके और छह छक्कों की मदद से नाबाद 129 रन की पारी खेली। वहीं, गुरनूर बराड़ 6 गेंदों पर 8 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। वहीं, वेस्टइंडीज की ओर से जायडेन सील्स ने सबसे ज्यादा तीन विकेट, कीमो पॉल ने दो विकेट और गुडाकेश मोटी ने एक विकेट अपने नाम दर्ज किया।