क्रिकेट

IND vs WI: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा तीसरा टी20, जानें यहां कितना बड़ा लक्ष्य हो चुका है चेज

India vs West Indies 3rd T20: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। रांची में 250 रन का लक्ष्य हासिल करने के बाद फैंस की नजरें इंदौर के रिकॉर्ड पर होंगी।
2 min read
• •
Oct 10, 2026
Shreyas iyer
श्रेयस अय्यर (फोटो- IANS)

IND vs WI 3rd T20 Holkar Stadium Pitch Stats: रांची के जेएससीए क्रिकेट स्टेडियम में जब से वेस्टइंडीज ने 250 रन का लक्ष्य हासिल किया है, तब से फैंस के मन में सवाल है कि अब इंदौर में सबसे बड़ा चेज रिकॉर्ड क्या है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर अब तक सिर्फ चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। सबसे रोमांचक बात यह है कि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने दो मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को भी दो बार जीत मिली है। यानी यहां मुकाबला बराबरी का रहा है।

होल्कर में बन चुका है 260 रन

हालांकि, इस मैदान पर भारतीय टीम 260 रन का स्कोर बना चुकी है। यह टीम इंडिया के टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास का चौथा सबसे बड़े स्कोर भी है। भारतीय टीम का सबसे बड़ा टी20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर हैदराबाद में बना था, जब उसने 297 रन बनाए थे। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहानेसबर्ग में भारत ने 283 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में भारतीय टीम ने 271 रन का स्कोर खड़ा किया था, जबकि श्रीलंका के खिलाफ 2017 में टीम इंडिया ने 260 रन बनाए थे।

होल्कर स्टेडियम में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ सिर्फ 15.4 ओवर में 173 रन का लक्ष्य हासिल करने का कारनामा किया था। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 200 रन है, जबकि दूसरी पारी में औसतन 166 रन बनते हैं। हालांकि, जिस तरह से 3 बार की विश्व चैंपियन भारत और 2 बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज इस सीरीज में खेल रही हैं, उसे देखते हुए नहीं लगता कि मुकाबला ढाई सौ रन से पहले रुकने वाला है। ऐसे में रांची वाली कहानी एक बार फिर दोहराई जा सकती है और इंदौर में भी चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिल सकती है।

पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा करने से नहीं बनेगा काम

मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा और टॉस 30 मिनट पहले किया जाएगा। इस मैच को भी स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क्स पर देखा जा सकता है। वेस्टइंडीज की टीम वनडे और टेस्ट में फिलहाल उतनी पावरफुल नहीं है लेकिन टी20 में आज भी वह किसी भी टीम को हराने का दम रखती है। कैरेबियन टीम किसी भी गेंदबाजी लाइन अप की धज्जिया उड़ा सकती है। ऐसे में टीम इंडिया को सीरीज जीतने के लिए बेहतर प्रदर्शन के साथ प्लान भी बेहतर बनाने की जरूरत है।

Updated on:
10 Oct 2026 01:57 pm
Published on:
10 Oct 2026 01:57 pm