
नई दिल्ली । भारतीय कप्तान विराट कोहली को छोड़ कर अगर कोई भारतीय बल्लेबाज वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में अच्छी लय में नजर आया है तो वह रोहित शर्मा हैं। इस समय टीम इंडिया में रोहित के छक्के लगाने की काबिलियत की बराबरी कोई बल्लेबाज नहीं कर सकता। रोहित ने वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी व पांचवें ODI मुकाबले में 4 छक्के लगाकर इस बात को साबित कर दिया है। मैच में दूसरे छक्के के साथ रोहित ने अपने ODI करियर में 200 छक्कों का आकड़ा छू लिया है। ऐसा करके वह पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के खास क्लब में शामिल हो गए हैं।
सचिन-गांगुली को इसी सीरीज के दौरान पछाड़ा-
'हिटमैन' रोहित शर्मा अपने छक्के लगाने की काबिलियत के लिए जाने जाते हैं और दूसरे वनडे मुकाबले में उन्होंने 152 रनों की पारी के दौरान पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को वनडे क्रिकेट में छक्के लगाने के मामले में पछाड़ दिया था। इसके बाद चौथे ODI में 162 रनों की पारी के दौरान रोहित ने सचिन तेंदुलकर को वनडे में छक्के लगाने के मामले में पछाड़ दिया था।
पूरा किया छक्कों का दोहरा शतक-
दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के ODI करियर में अपने 200 छक्के पूरे कर लिए हैं। मैच की शुरुआत से पहले वह छक्कों का दोहरा शतक पूरा करने से मात्र 2 छक्के पीछे थे। रोहित ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें ODI मुकाबले में 4 गगनचुम्बी छक्के लगाए जिसकी मदद से उनकी छक्कों की संख्या 202 पर पहुंच गई है। धोनी जोकि 10,000 ODI रन से मात्र 1 रन पीछे हैं, उन्होंने करियर में 218 छक्के लगाए हैं।
छक्के लगाने में छठे पर हैं रोहित शर्मा-
विश्व क्रिकेट में देखा जाए तो रोहित ODI में छक्के लगाने के मामले में छठे स्थान पर हैं। 4 छक्कों के साथ रोहित न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्कुलम से आगे निकल गए हैं । इस लिस्ट में पहले नंबर पर शहीद अफरीदी (351), दूसरे पर क्रिस गेल(275), तीसरे पर सनथ जयसूर्या(270), चौथे पर धोनी(218), पांचवें पर एबी डिविलियर्स(204) और अब छठे पर रोहित शर्मा हैं। मैक्कुलम(200) सातवें स्थान पर हैं।