क्रिकेट

IND vs ZIM: Shreyas Iyer की कप्तानी में टीम इंडिया को मिली पहली जीत, Vaibhav Suryavanshi नहीं Mayank Yadav बने मैच के हीरो

IND vs ZIM 1st T20: Mayank Yadav ने जिम्बाब्वे के खिलाफ वापसी मैच में शानदार गेंदबाजी की और पहली ही गेंद पर विकेट चटकाने के साथ 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
2 min read
Jul 24, 2026
Team India vs Zim 1st T20
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)

India Tour of Zimbabwe 2026: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में आखिरकार भारतीय टीम ने पहली जीत दर्ज कर ली है। गुरुवार को हरारे में खेले गए भारत और जिम्बाब्वे के बीच पहले टी20 मुकाबले में मेन इन ब्लू ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर सिर्फ 125 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने सिर्फ 13.2 ओवर में 126 रन बनाकर 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया। इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, तो ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने भी महत्वपूर्ण रन बनाए। हालांकि मैच के हीरो रहे मयंक यादव, जिन्होंने जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों की जमकर परीक्षा ली और 2 साल बाद वापसी करते ही प्लेयर ऑफ द मैच बन गए।

मयंक ने पहली गेंद पर झटका विकेट

इस मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मयंक यादव ने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट चटकाते हुए ब्रायन बेनेट को पवेलियन की राह दिखा दी। इसके बाद विकेटों की ऐसी झड़ी लगी कि जिम्बाब्वे ने 32 रन तक 4 विकेट गंवा दिए और 64 रन पर उसकी आधी टीम पवेलियन लौट गई। हालांकि वेस्ली मधेवेरे और तफाद्जवा त्सिगा ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं और जिम्बाब्वे को 120 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

प्रिंस यादव ने भी झटके 2 विकेट

वहीं, प्रिंस यादव ने भी 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इन दोनों की घातक गेंदबाजी की बदौलत जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को काफी संघर्ष करना पड़ा, जिसकी वजह से टीम 130 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सकी। इसके अलावा शिवम दुबे और रवि बिश्नोई को भी एक-एक सफलता मिली।

126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और अभिषेक शर्मा सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया। सूर्यवंशी ने 19 गेंद में 50 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वहीं, ईशान किशन ने 24 गेंद में 35 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इसके बाद बचा हुआ काम श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने पूरा कर दिया और भारतीय टीम को 7 विकेट से जीत दिला दी।

Updated on:
24 Jul 2026 07:25 am
Published on:
24 Jul 2026 07:25 am