क्रिकेट

Ind W vs Ban W: एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत ने बांग्‍लादेश के सामने रखा 150 रन का लक्ष्‍य

Ind W vs Ban W Semi Final: विमेंस एशिया कप 2026 में गुरुवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला भारत और बांग्‍लादेश के बीच खेला जा रहा है। भारत ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए बांग्‍लादेश टीम के सामने 150 रन का लक्ष्‍य रखा है।
2 min read
Sep 10, 2026
Ind W vs Ban W Semi Final, Shaifali Verma,
बांग्‍लादेश के खिलाफ अर्धशतक जड़कर बल्‍ला उठातीं शेफाली वर्मा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/ImTanujSingh )

India vs Bangladesh Semi Final: विमेंस एशिया कप 2026 में गुरुवार 10 सितंबर को पहला सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय म‍हिला टीम और बांग्‍लादेश महिला टीम के बीच खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने इस मुकाबले में बांग्‍लादेश टीम के सामने 150 रन का लक्ष्‍य रखा है। भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने 40 गेंदों का सामना करते हुए 64 रन की अर्धशतकीय पारी खेली है। कप्‍तान हरमनप्रीत कौर 28 गेंदों पर 24 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं, बांग्‍लादेश की ओर से सुल्‍ताना खातून ने सबसे ज्‍यादा दो विकेट चटकाए।

भारत को मिली खराब शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला टीम की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर महज 9 के स्‍कोर पर अपनी स्‍टार सलामी बल्‍लेबाज स्‍मृति मंधाना का अहम विकेट गंवा दिया। स्‍मृति पांच गेंदों पर सिर्फ दो रन बनाकर सुल्‍ताना खातून का पहला शिकार बनीं। इसके बाद प्रतिका रावल शेफाली का साथ देने क्रीज पर उतरीं। लेकिन, वह भी 28 गेंदों पर एक चौका और एक छक्‍के की मदद से 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। ये दूसरा झटका था, जो भारत को 59 रन के स्‍कोर पर लगा।

शेफाली वर्मा ने 40 गेंदों पर बनाए 64 रन

दो विकेट गिरने के बाद खुद कप्‍तान हरमनप्रीत कौर मैदान पर उतरीं। उन्‍होंने शेफाली वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी की। इसी बीच शेफाली ने तेजी से खेलते हुए अपना अर्धशतक भी पूरा किया, लेकिन वह 40 गेंदों पर सात चौके और तीन छक्‍कों की मदद से 64 रन बनाकर सुल्‍ताना का दूसरा शिकार बनीं। भारत को यह तीसरा झटका 92 के स्‍कोर पर लगा। इसके बाद चौथा झटका ऋचा घोष के रूप में 128 के स्‍कोर पर लगा। घोष 16 गेंदों पर दो छक्‍कों की मदद से 21 रन बनाकर नाहिदा अख्‍तर का शिकार हुईं। फिर दिप्‍ती शर्मा आईं और 6 गेंदों पर एक चौका और एक छक्‍का लगाकर 13 रन बनाकर आउट हो गईं।

24 रन बनाकर नाबाद रहीं हरमनप्रीत कौर

यह पांचवां झटका भारत को 19.5 ओवर में 149 के स्‍कोर पर लगा। इसके अगली ही गेंद पर भारती फुलमाली भी बगैर खाता खोले रन आउट हो गईं। इस तरह निर्धारित 20 ओवर में भारत ने छह विकेट खोकर 149 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए। भारतीय कप्‍तान हरमनप्रीत कौर 28 गेंदों पर दो छक्‍कों की मदद से 24 रन पर नाबाद रहीं। वहीं बांग्‍लादेश की ओर से सुल्‍ताना खातून ने दो विकेट तो मारूफा अख्‍तर, नाहिदा अख्‍तर और राबैया खान ने एक-एक विकेट लिया।