
Niki Prasad: भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच रायपुर में पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जा रहा है। 20 वर्षीय भारतीय ऑलराउंडर निकी प्रसाद को भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने डेब्यू कैप सौंपी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
इसको लेकर स्मृति मंधाना ने कहा कि ओस को देखते हुए आज हमने पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। अपनी प्लेइंग इलेवन चुनते समय हमने निश्चित रूप से इस बात पर विचार किया। इसीलिए आज हम तीन तेज गेंदबाजों और दो मुख्य स्पिनरों के साथ उतर रहे हैं। इस मैच के लिए प्रेमा रावत, जिंतिमाणी, मीनू मणि और कमिलिनी को मौका नहीं मिल पाया है। बेशक, वे सभी अच्छी खिलाड़ी हैं, लेकिन टीम कॉम्बिनेशन के हिसाब से उन्हें बाहर रहना पड़ रहा है।
25 अक्टूबर 2005 को जन्मी निकी प्रसाद दाएं हाथ की बल्लेबाज और दाएं हाथ की ऑफ-ब्रेक गेंदबाज हैं। कर्नाटक की 20 वर्षीय खिलाड़ी ने एक होनहार युवा क्रिकेटर के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने महिला क्रिकेट में भारत ए के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। इतना ही नहीं, महिला प्रीमियर लीग (WPL) में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने का अनुभव भी उनके काम आया है। इसी प्रदर्शन और अनुभव को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। उन्हें WPL के 2024-25 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलने का मौका मिला। WPL में अब तक वह 18 मैचों की 7 पारियों में 119.53 के स्ट्राइक रेट से कुल 153 रन बना चुकी हैं। लीग में उनका सर्वोच्च स्कोर 47 रन है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, अनुष्का शर्मा, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, ऋचा घोष (विकेट-कीपर), दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़।
जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), केलिस नधलोवु, बिलव्ड बिजा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, शार्ने मेयर्स, मिशेल मावुंगा, न्याशा ग्वानजुरा, फ्रांसिस्का चिपारे, मोडेस्टर मुपाचिकवा (विकेटकीपर), ओलिंडर चारे, तेंडाई मकुशा।
आपको बता दें कि जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम ने इस साल 18 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इन सभी मुकाबलों में जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम को हार का सामना करना पड़ा है।