
भारतीय क्रिकेटर। (Photo- IANS)
India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज का आखिरी मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 17 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा। भारत और वेस्टइंडीज की टीमें सीरीज में दो-दो से बराबरी पर हैं। ऐसे में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है। भारतीय टीम का नेतृत्व श्रेयस अय्यर करेंगे, जबकि वेस्टइंडीज टीम की कमान शाई होप के हाथों में होगी।
T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में वेस्टइंडीज पर भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 35 T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इन मुकाबलों में भारत ने जहां 22 मैचों में जीत हासिल की है, वहीं उसे 12 T20 इंटरनेशनल मुकाबलों में वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा है। इतना ही नहीं, दोनों टीमों के बीच खेला गया एक मुकाबला बेनतीजा रहा था।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले निर्णायक मुकाबले पर जहां सभी की नजरें टिकी हुई हैं, वहीं दोनों टीमों की निगाहें पिच पर है। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की बात करें तो यहां की पिच हमेशा से बल्लेबाजी के लिए अनुकूल रही है। शुरुआत में इस पिच से तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, यह बल्लेबाजी के लिए मुफीद हो जाएगी। यहां का मैदान छोटा है, इसलिए चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिल सकती है। यहां टॉस एक महत्वपूर्ण फैक्टर होगा। इसकी वजह यह है कि टॉस जीतने वाली टीम ओस (Dew) की वजह से पहले फील्डिंग करना पसंद कर सकती है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले सीरीज के पांचवें और आखिरी T20 इंटरनेशनल मुकाबले में बारिश खलल डाल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को बेंगलुरु में बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की संभावना है। यहां का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है, जबकि दोपहर बाद बादल बढ़ने और शाम को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
वहीं, एक्यूवेदर के पूर्वानुमान के मुताबिक, बेंगलुरु में भारत-वेस्टइंडीज मैच के दिन करीब 80 फीसदी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तूफान आने की भी आशंका है। भारी बारिश होने पर ओवरों में कटौती की जा सकती है। यह भी संभव है कि मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो जाए। ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जा सकता है।
24 वर्षीय भारतीय तेज गेंदबाज प्रिंस यादव का प्रदर्शन वेस्टइंडीज के खिलाफ कुछ खास नहीं रहा है। इंदौर में उन्होंने चार ओवर में 9.25 की इकोनॉमी से 37 रन दिए थे और कोई विकेट हासिल नहीं कर सके थे। वहीं, हैदराबाद में उन्होंने चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट लिया था। इस दौरान उनकी बॉलिंग इकोनॉमी 9.00 रही थी। प्रिंस यादव की जगह स्पिनर कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।
वहीं अर्शदीप चोटल हो गए हैं। ऐसे में उनकी जगह पर अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20I सीरीज के आखिरी मुकाबले में उन्हें खेलने का मौका मिलेगा या नहीं, इस पर फैसला मैच से पहले किया जाएगा।
Updated on:
16 Oct 2026 07:08 pm
Published on:
16 Oct 2026 07:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
