
ACC Men's Asia Cup Rising Stars 2026 का चौथा मुकाबला शुक्रवार को भारत-ए और नेपाल के बीच दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। भारत-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 332 रन बनाए, वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल की पूरी टीम 11.30 ओवर में 26 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत-ए ने 306 रन से बड़ी जीत दर्ज की।
भारत-ए से जीत के लिए मिले 333 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल टीम की शुरुआत खराब रही। नेपाल की टीम भारतीय तेज गेंदबाजों हर्षित राणा और प्रिंस यादव का सामना नहीं कर सकी। नेपाल की पूरी टीम 11.3 ओवर में महज 26 रन पर ऑलआउट हो गई। नेपाल का कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका। नेपाल की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसके पांच बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके।
भारत की ओर से प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने कमाल की बॉलिंग की। दोनों ने मिलकर कुल 9 विकेट चटकाए। हर्षित राणा ने 6 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट झटके। प्रिंस यादव ने 5 ओवर में 6 रन देकर 5 विकेट चटकाए। शहबाज अहमद ने भी एक सफलता अर्जित की।
नेपाल से टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 332 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हालांकि, भारतीय टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर चलते बने, जबकि आयुष बदोनी के बल्ले से महज 2 रन निकले। वैभव सूर्यवंशी भी 32 गेंदों में 26 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।
महज 42 रन के टीम स्कोर पर तीन विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम दबाव में नजर आ रही थी। ऐसे मुश्किल समय में कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए चौथे विकेट के लिए 191 गेंदों पर 206 रनों की अहम साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। तिलक वर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 113 गेंदों में 107 रन बनाए। उनकी इस शतकीय पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर, कुमार कुशाग्र ने भी अपने बल्ले का दम दिखाया और 102 गेंदों में 117 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 5 छक्के लगाए।
तिलक-कुशाग्र के बाद रिंकू सिंह 9 रन और शहबाज अहमद 8 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, पारी के आखिरी ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने केवल 14 गेंदों का सामना करते हुए 36 रन जड़ दिए और भारत-ए को 332 रनों तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। नेपाल की तरफ से गेंदबाजी में संदीप लामिछाने और ललित राजबंशी सबसे सफल रहे। दोनों गेंदबाजों ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए।