क्रिकेट

India A Squad for Tri Series: ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का ऐलान, रियान पराग बने उपकप्तान, सूर्यवंशी समेत इन IPL स्टार खिलाड़ियों को मिली जगह

आईपीएल 2026 के बाद इंडिया ए टीम श्रीलंका ए और अफ़ग़ानिस्तान ए से ट्राई सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के लिए इंडिया ए टीम के स्क्वाड का ऐलान हो गया है।

2 min read
May 14, 2026
India A squad
श्रीलंका और अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का ऐलान हो गया है (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

India A Squad for Tri Series: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चयन समिति ने श्रीलंका में आयोजित होने वाली आगामी वनडे ट्राई-सीरीज के लिए 15 सदस्यीय इंडिया ‘ए’ टीम का ऐलान कर दिया है। खब्बू बल्लेबाज तिलक वर्मा को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि 15 वर्षीय प्रतिभाशाली वैभव सूर्यवंशी को भी मौका दिया गया है। यह ट्राई-सीरीज में श्रीलंका ए, इंडिया ए और अफगानिस्तान ए के बीच खेली जाएगी। सीरीज 9 से 21 जून के बीच खेली जाएगी।

उप-कप्तान रियान पराग

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर रहे रियान पराग को इस टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। टीम में प्रियांश आर्य, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, विप्राज निगम, सूर्यांश शेडगे, युद्धवीर सिंह और अंशुल कंबोज जैसे उभरते हुए होनहार खिलाड़ी भी शामिल हैं। ट्राई-सीरीज के समापन के बाद इंडिया ए टीम श्रीलंका ए के खिलाफ दो मल्टी-डे (रेड-बॉल) मैच भी खेलेगी। इन मैचों की टीम बाद में घोषित की जाएगी। व्हाइट-बॉल सीरीज के सभी मैच दांबुला में खेले जाएंगे, जबकि मल्टी-डे मैच गाले में आयोजित होंगे।

वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका

वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। पिछले सीजन 7 मुकाबलों में 36 की औसत के साथ 252 रन बनाने वाले वैभव ने इस सीजन 11 मुकाबलों में 40 की औसत के साथ 440 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं।

इससे पहले वैभव सूर्यवंशी भारत अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी प्रतिभा का जलवा बखूबी दिखाया है। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ चार दिवसीय मैच में उन्होंने मात्र 58 गेंदों पर शतक जड़कर सबका ध्यान खींचा था। 2024 एसीसी अंडर-19 एशिया कप में भी उन्होंने 176 रन बनाए और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा रणधीर वर्मा अंडर-19 टूर्नामेंट में नाबाद 332 रनों की जबरदस्त पारी खेलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा लिया था।

सीरीज का कार्यक्रम

भारतीय टीम इस ट्राई सीरीज में 9 जून को श्रीलंका-ए से भिड़ेगी, जिसके बाद 11 जून को उसका सामना अफगानिस्तान-ए से होगा। 15 जून को भारत के सामने एक बार फिर मेजबान श्रीलंका होगा। इसके बाद 17 जून को अफगानिस्तान से भारतीय टीम की एक बार फिर भिड़ंत होगी। फाइनल मैच 1 जून को आयोजित होगा।

ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का स्क्वाड: तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), कुमार कुशाग्र (विकेट कीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान।

Updated on:
14 May 2026 05:45 pm
Published on:
14 May 2026 04:36 pm