
India A vs Afgnistan A: श्रीलंका की मेजबानी में खेली जा रही ODI ट्राई सीरीज में 11 जून को दांबुला के रांगिरी दांबुला अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में भारत ए और अफगानिस्तान ए बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह ने अच्छी शुरुआत दी, लेकिन 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी 44 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर आउट हो गया और अपने अर्धशतक से चूक गया।
बता दें कि वैभव और प्रभसिमरन के बीच पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 74 रन की साझेदारी हुई। सूर्यवंशी सिर्फ 22 गेंदों का सामान करते हुए 9 चौके की मदद से 44 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें अब्दुल्ला अहमदजई ने अपना शिकार बनाया। हैरान करने वाली बात ये रही कि आईपीएल 2026 में सिक्सर किंग का खिताब जीतने वाले वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से इस उम्दा पारी में एक भी छक्का नहीं आया। हालंकि उन्होंने 200 के स्ट्राइक रेट से तेज पारी खेली।
बता दें श्रीलंका में खेले जा रही इस त्रिकोणीय सीरीज के शुरुआती मैच में भारत ए ने मेजबान श्रीलंका ए को 8 रनों से हराया था। उस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 278 रन का लक्ष्य दिया था। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम 269 रन पर सिमट गई और भारत ने वह मुकाबला 8 रनों के अंतर से जीत लिया था। उस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चला था। वह 12 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हो गए थे। दिलचस्प बात ये है कि उस मैच में उन्होंने 3 चौके लगाए थे और एक भी छक्का नहीं लगा सके थे।
श्रीलंका, अफगानिस्तान और भारत की ए टीमों के बीच खेली जा रही इस सीरीज का पहला मैच जीतकर टीम इंडिया शीर्ष पर है। भारत के फिलहाल एक मैच में एक जीत के साथ दो अंक हैं और उसका नेट रन रेट +0.160 का है। वहीं, श्रीलंका बगैर किसी अंक और -0.160 के नेट रन रेट के साथ सबसे निचले पायदान पर है।