क्रिकेट

India A vs New Zealand A: फिर बोला पृथ्वी-हनुमा का बल्ला, गेंदबाजों ने किया निराश- पहला टेस्ट ड्रा

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले न्यूजीलैंड के ए दौरे पर गई भारतीय टीम ने पहला अनाधिकारिक टेस्ट मैच ड्रा खेला।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2018, 11:49 AM IST
prithvi shaw
India A vs New Zealand A: फिर बोला पृथ्वी-हनुमा का बल्ला, गेंदबाजों ने किया निराश- पहला टेस्ट ड्रा

नई दिल्ली। इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच खेला गया अनाधिकारिक टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हो गया। बे ओवल पर खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 458 रनों पर घोषित कर दी थी। इसके बाद, भारतीय टीम आखिरी दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में 247 रन बना सकी और इसके साथ मैच को ड्रॉ कर दिया गया। भारतीय टेस्ट टीम में शामिल होने वाले दो नए सदस्य पृथ्वी शॉ और हनुमा विहारी ने दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। इस मैच में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन साधारण रहा।


भारत की पहली पारी, 5 के अर्धशतक-
इस मैच में इंडिया-ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पार्थिव पटेल (94), हनुमा विहारी (86), मयंक अग्रवाल (65), विजय शंकर (62) और पृथ्वी शॉ (62) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर टीम ने पहली आठ विकेट के नुकसान पर 467 रन बनाकर घोषित कर दी। इस पारी में न्यूजीलैंड-ए टीम के लिए ब्लेर टिकनेर ने सबसे अधिक चार विकेट लिए। इसके अलावा, केल जेमिसन, डोग ब्रेसवेल, थियो वान वोएरकोम और राचिन रविंद्र को एक-एक सफलता मिली।


भारतीय गेंदबाजों का साधारण प्रदर्शन-
न्यूजीलैंड-ए ने इसके बाद अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 458 रनों पर घोषित की। इस पारी में टीम के लिए हामिश रदरफोर्ड (114) ने सबसे अधिक रन बनाए। इसके अलावा, डेन क्लीवर (53) और सेथ रेस (69) ने भी अहम योगदान दिया। कृष्णप्पा गोथम ने इस पारी में इंडिया-ए के लिए सबसे अधिक तीन विकेट लिए। इसके अलावा, दीपक चहर और नवदीप सेनी को दो-दो विकट मिले। मोहम्मद सिराज और विजय शंकर ने एक-एक सफलता हासिल की।


पृथ्वी-हनुमा ने फिर खेली अर्धशतकीय पारी-
मुरली विजय (60) और पृथ्वी (50) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर इंडिया-ए ने दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाए। इसके साथ ही इस मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया। इन दोनों के अलावा हनुमा विहारी ने नाबाद 51, मयंक अग्रवाल ने 42 और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने नाबाद 41 रनों की पारी खेली।

Published on: