क्रिकेट

मैन इन ब्ल्यू से फिर भिड़ेंगे प्रोटियाज, जानिए टी20 वर्ल्ड कप सुपर 8 में कब-कब हुआ है सामना

India vs South Africa: टी20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) के सुपर 8 में 22 फरवरी को भारत और दक्षिण अफ्रीका अहमदाबाद में टकराएंगे। दोनों टीमें सुपर 8/सुपर 12 में चार बार भिड़ चुकी हैं, जिसमें दोनों के खाते में दो-दो जीत हैं। नॉकआउट में 2014 सेमीफाइनल और 2024 फाइनल में भी ये टीमें टकराई और दोनों बार भारत विजयी रहा।

3 min read
Feb 20, 2026

India vs South Africa: टी20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) के सुपर 8 चरण में 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका एक बार फिर आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला 2024 विश्व कप फाइनल के रिमैच जैसा रोमांचक रहने की उम्मीद है। दोनों टीमें टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में अपने सभी मैच जीत चुकी हैं और सेमीफाइनल की राह इसी भिड़ंत से तय होगी। टी20 विश्व कप के इतिहास पर नजर डालें तो सुपर 8 और सुपर 12 चरण में दोनों देश अब तक चार बार आमने-सामने आ चुके हैं और जीत-हार का पलड़ा बिल्कुल बराबर रहा है।

2007 सुपर 8

20 सितंबर 2007 को डरबन के किंग्समीड मैदान पर सुपर 8 के इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 153/5 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में मेजबान दक्षिण अफ्रीका की टीम हरभजन सिंह की फिरकी और तेज गेंदबाजों की रफ्तार के सामने बिखर गई और 20 ओवर में सिर्फ 116/9 ही बना सकी। भारत ने 37 रनों की निर्णायक जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच रहे युवा रोहित शर्मा ने 40 गेंदों पर नाबाद 50 रन की पारी खेलकर यह साबित किया कि वे भविष्य के बड़े खिलाड़ी हैं। यह उनका पहला टी20 विश्व कप था।

2009 सुपर 8

16 जून 2009 को नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर सुपर 8 में हुए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 130/5 का स्कोर बनाया। डि विलियर्स ने 51 गेंदों पर 63 रन की शानदार पारी खेली जो उस स्पिन फ्रैंडली पिच पर किसी के लिए भी आसान नहीं था। गेंदबाजी में योहान बोथा ने 3 विकेट 16 रन पर और डेल स्टेन ने 2 विकेट 25 रन पर लेकर भारत को 118/8 पर रोक दिया। भारत 12 रनों से मैच हार गया और टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

2012 सुपर 8

2 अक्टूबर 2012 को कोलंबो में खेले गए सुपर 8 मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 152/6 का स्कोर बनाया। सुरेश रैना ने 45 रन की अहम पारी खेली। जवाब में फॉफ डुप्लेसिस ने 38 गेंदों पर 65 रन की दमदार पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन जहीर खान (3/22) और युवराज सिंह (2/23) ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए आखिरी पांच विकेट महज 24 रनों पर निकाल दिए। दक्षिण अफ्रीका 151 पर ऑलआउट हुई और भारत ने 1 रन से जीत दर्ज की। यह टी20 विश्व कप इतिहास के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक था।

2022 सुपर 12

23 अक्टूबर 2022 को पर्थ के मैदान पर सुपर 12 मुकाबले में लुंगी न्गिडी ने 4 विकेट लेकर भारत को 133/9 पर रोक दिया। जवाब में एडन मार्करम (52) और डेविड मिलर (59*) ने मिडल ओवरों में जमकर खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका को आसान जीत दिलाई। प्रोटियाज ने 5 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और भारत को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।

नॉकआउट में नहीं हारा भारत

टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में भारत और साउथ अफ्रीका दो बार भिड़ चुकी हैं और दोनों ही बार भारत ने बाजी मारी। 4 अप्रैल 2014 को ढाका में खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इससे भी ऐतिहासिक रहा 29 जून 2024 को बारबाडोस में खेला गया टी20 विश्व कप फाइनल, जहां विराट कोहली की 59 गेंदों पर 76 रन की पारी की बदौलत भारत ने 176/7 का स्कोर बनाया था। दक्षिण अफ्रीका 15वें ओवर तक जीत की राह पर थी, लेकिन भारतीय टीम के ऐतिहासिक फाइट बैक ने मैच पलट दिया और दक्षिण अफ्रीका 169/8 पर रुक गई। भारत ने 7 रनों से जीत हासिल कर 17 साल बाद दूसरी बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी उठाई।

Published on:
20 Feb 2026 05:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर