क्रिकेट

भारत से हार पर पाकिस्तानी कप्तान का छलका दर्द, बताया अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में क्यों हारे?

U19 Asia Cup 2026 Final: भारत ने अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब जीता। हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ ने गेंदबाजों को हार का जिम्मेदार ठहराया।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 10:03 PM IST
U19 Asia Cup 2026
पाकिस्तान अंडर-19 टीम। (Photo - IANS)

India vs Pakistan U-19 Asia Cup 2026 Final: अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत के हाथों मिली रोमांचक हार ने पाकिस्तान का खिताब बचाने का सपना तोड़ दिया। भारत को 338 रनों का लक्ष्य देने के बावजूद पाकिस्तानी टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। मोहित उल्वा ने पारी के अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को एक विकेट से जीत दिला दी। इसके साथ ही भारत ने रिकॉर्ड नौवीं बार इस ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

भारत से मिली इस हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ ने अपनी टीम की कमजोरी स्वीकार की। उन्होंने हार के लिए गेंदबाजों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हमने अच्छा स्कोर बनाया था, लेकिन भारत ने बेहतरीन क्रिकेट खेला। सभी खिलाड़ी अपना काम अच्छी तरह कर रहे थे, लेकिन दुर्भाग्य से हमारी गेंदबाजी दिशाहीन रही। इसी वजह से हमें मैच गंवाना पड़ा।'

आखिरी विकेटों ने पलट दिया मुकाबला

पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए। उसकी ओर से उस्मान खान ने 111 गेंदों पर 107 रनों की शतकीय पारी खेली। वहीं, अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों पर 80 रन बनाए, जबकि कप्तान फरहान यूसुफ ने 60 गेंदों पर 63 रनों का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। हालांकि, बीच के ओवरों में पाकिस्तान ने मुकाबले में वापसी की। इसके चलते एक समय भारत का स्कोर आठ विकेट पर 254 रन हो गया था। इस नाजुक मोड़ पर मनल चौहान और मोहित उल्वा ने नौवें विकेट के लिए महज 35 गेंदों में 57 रनों की अहम साझेदारी कर भारत की उम्मीदें कायम रखीं। मनल चौहान 32 गेंदों पर 47 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद मोहित उल्वा ने चिगुरुपति वेंकटा के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों की शानदार बल्लेबाजी के चलते मुकाबले का रोमांच आखिरी ओवर तक बना रहा।

भारत को अंतिम ओवर में जीत के लिए आठ रन की जरूरत थी। अहमद हुसैन के ओवर में भारतीय बल्लेबाजों ने धैर्य दिखाया और मैच को आखिरी गेंद तक पहुंचा दिया। अंतिम गेंद पर भारत को जीत के लिए तीन रन चाहिए थे। ऐसे में मोहित उल्वा ने चौका लगाकर भारत को एक विकेट से यादगार जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही भारत ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब रिकॉर्ड नौवीं बार अपने नाम कर लिया, जबकि पाकिस्तान को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।

Updated on:
14 Nov 2026, 10:03 PM IST
Published on: