
Mohit Ulva credited his faith in God: टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर 9वीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीत लिया। इस जीत के हीरो मोहित उल्वा रहे। उन्होंने फाइनल में भारत की जीत का श्रेय भगवान पर भरोसे, खुद पर विश्वास और टीम के साथियों के साथ हुई अहम साझेदारियों को दिया। मोहित उल्वा ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए। उनकी शानदार पारी की बदौलत भारत ने एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
पाकिस्तान पर जीत के बाद मोहित उल्वा ने कहा, 'आखिरी ओवर में मुझे भगवान पर विश्वास था। मैं खुद को एक ऑलराउंडर मानता हूं। यह टूर्नामेंट मेरे लिए अच्छा नहीं रहा था, लेकिन मुझे भरोसा था कि आज मैं अच्छा प्रदर्शन कर पाऊंगा।'
उन्होंने कहा, 'मुझे मनल के सहयोग की जरूरत थी और उसने मेरा पूरा साथ दिया। मुझे पता था कि आज मेरा दिन है। मैं अपनी टीम को जीत तक पहुंचाऊंगा। नंबर-10 मेरे लिए बहुत भाग्यशाली रहा है, क्योंकि मेरे सारे रन इसी नंबर पर आए हैं। हमें अपनी बल्लेबाजी पर भरोसा था कि हम इस लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं। यह बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच थी और हम खुद से कह रहे थे कि अगर वे इतने रन बना सकते हैं, तो हम भी बना सकते हैं।'
अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर पाकिस्तान की अंडर-19 टीम से मिले 338 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय 252 रन पर 8 विकेट गंवाकर हार की कगार पर पहुंच गई थी। ऐसे मुश्किल समय में नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने उतरे मोहित उल्वा ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए महज 26 गेंदों में नाबाद 49 रन ठोक दिए। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के लगाए।
मनल चौहान ने भी अपनी 32 गेंदों में 47 रन की तेजतर्रार पारी से भारत की जीत की उम्मीदें बरकरार रखीं। 48वें ओवर में आउट होने से पहले उन्होंने टीम को लक्ष्य के काफी करीब पहुंचा दिया था। चौहान ने फिनिशर की भूमिका सौंपने के लिए कोचिंग स्टाफ का आभार जताया और बताया कि आउट होने के बाद उनकी आंखों में आंसू आ गए थे।
मनल चौहान ने कहा, 'जब मैं बल्लेबाजी के लिए आया तो मेरा पूरा ध्यान खेल पर था। कोचों ने मुझे अपनी प्रक्रिया और ताकत पर भरोसा रखने के लिए कहा था। फिनिशर की भूमिका के लिए मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं सपोर्ट स्टाफ का धन्यवाद करना चाहता हूं। उन्होंने मुझे मैदान पर अपने खेल का आनंद लेने के लिए कहा था।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं लक्ष्य को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर खेल रहा था। हर ओवर में एक चौका लगाने की कोशिश कर रहा था, क्योंकि मुझे पता था कि मैं अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचा सकता हूं। आउट होने के बाद मेरी आंखों में आंसू थे।'
अंडर-19 एशिया कप 2026 के पांच मैचों में 361 रन बनाने वाले वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने इस दौरान एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए। वीरेंद्र सहवाग ने बताया कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले का दबाव और पिछले मैच में मिली हार का बदला लेने की इच्छा ने उन्हें चोट के बावजूद बल्लेबाजी जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
आर्यवीर सहवाग ने कहा, 'अब मेरे हाथ में कोई दर्द नहीं है। मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि मैंने अभी क्या देखा है। अब भी मेरे रोंगटे खड़े हो रहे हैं। भारत-पाकिस्तान मुकाबले में भावनाएं हमेशा बहुत ऊंचे स्तर पर होती हैं।'
उन्होंने कहा, 'पिछले मैच में मैं पाकिस्तान के खिलाफ 22 रन बनाकर आउट हो गया था। इसलिए आज मैं हर हाल में रन बनाना चाहता था, भले ही मेरी बांह पर चोट लगी हो। दर्द हो रहा था, लेकिन मुझे पता था कि अगर मैं क्रीज पर टिका रहा तो पाकिस्तान पर दबाव बना रहेगा।'