
T20 World Cup 2026 Semifinal: टी20 वर्ल्डकप 2026 का रोमांच अब परवान चढ़ने लगा है। सुपर 8 के ग्रुप 2 से इंग्लैंड सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है, जबकि ग्रुप 1 में भारत का भविष्य 1 मार्च को ईडन गार्डन्स में होने वाले वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले पर टिका है। दक्षिण अफ्रीका से 76 रन की करारी हार के बाद सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 72 रन से धोकर वापसी तो की, लेकिन वेस्टइंडीज का मुकाबला अब करो या मरो का है।
अगर भारत यह मैच जीत लेता है, तो वह ग्रुप 1 की टेबल में दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंचेगा और आइसीसी के नियमों के मुताबिक ग्रुप 2 की टेबल में शीर्ष पर रहने वाली टीम यानी इंग्लैंड से उसकी भिड़ंत लगभग तय मानी जा रही है। सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्डकप में भारत और इंग्लैंड पहले भी दो बार सेमीफाइनल में भिड़ चुके हैं और दोनों ही मुकाबले यादगार रहे हैं।
एडिलेड 2022 - 10 विकेट से भारत की शर्मनाक हार
10 नवंबर 2022 को एडिलेड ओवल में खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली (50) और हार्दिक पांड्या (63) की पारियों के दम पर 168/6 का स्कोर खड़ा किया। क्रिस जॉर्डन (3/43) ने भारत को रोकने में अहम भूमिका निभाई। इसके जवाब में जोस बटलर (80*) और एलेक्स हेल्स (86*) ने बिना कोई विकेट गंवाए सिर्फ 16 ओवर में 170 रन बनाकर इंग्लैंड को 10 विकेट से जीत दिला दी। यह हार भारत के लिए बेहद अपमानजनक रही। हेल्स को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
गुयाना 2024 - इंग्लैंड को 68 रन से पटककर लिया बदला
गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में रोहित शर्मा ने 39 गेंदों में 57 रन की तूफानी पारी खेली और सूर्यकुमार यादव ने 47 रन जोड़े। भारत ने 171/7 का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। जवाब में अक्षर पटेल (3/23) ने जोस बटलर, जॉनी बेयरस्टो और मोईन अली के विकेट लिए, तो कुलदीप यादव (3/19) ने हैरी ब्रुक और सैम कर्रन को पवेलियन भेजा। जसप्रीत बुमराह ने जोफ्रा आर्चर को एलबीडब्ल्यू आउट कर इंग्लैंड को महज 103 रन पर ऑलआउट कर दिया। 2022 की हार का बदला पूरी तरह लिया गया और अक्षर पटेल को मैन ऑफ द मैच मिला।
डरबन 2007 (सुपर-8)
भारत ने 18 रन से जीत दर्ज की। 19 सितंबर 2007 को खेले इस मुकाबले में युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगातार छह छक्के ठोके और टी20 क्रिकेट को हमेशा के लिए बदलकर इतिहास रच दिया था। युवराज ने मात्र 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करते हुए कुल 16 गेंदों में 58 रन बनाए। भारत ने 218/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया और जवाब में इंग्लैंड 200/6 पर रुक गया।
लंदन 2009 (सुपर-8)
इंग्लैंड ने 3 रन से जीता। 14 जून 2009 को लॉर्ड्स में खेले इस रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने 153/7 बनाए, जिसमें केविन पीटरसन ने 46 रन बनाए। जवाब में भारत 150/5 पर सिमट गया। एमएस धोनी (30*) और यूसुफ पठान (33*) की आखिरी ओवर में की गई मैच बचाने की कोशिश नाकाम रही और भारत 3 रन से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया। इंग्लैंड के रयान साइडबॉटम को मैन ऑफ द मैच मिला।
कोलंबो 2012 (सुपर-8)
भारत ने 90 रन से बड़ी जीत दर्ज की। 23 सितंबर 2012 को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170/4 का स्कोर खड़ा किया। रोहित शर्मा ने 55* रन बनाए, जबकि युवराज सिंह ने 21 गेंदों में 58 रन की विस्फोटक पारी खेली। जवाब में इंग्लैंड की टीम 80 रन पर ऑलआउट हो गई। हरभजन सिंह और पीयूष चावला ने दो-दो विकेट लिए। भारत ने 90 रन से बड़ी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल की उम्मीदें मजबूत की।