26 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इस मैच का नतीजा बताएगा पाकिस्तान सेमीफाइनल खेलेगा या नहीं, जानें पिच का मिजाज

ICC T20 world Cup 2026 Super 8 (Eng vs NZ): 27 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच सुपर 8 मुकाबला खेला जाएगा। इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, जबकि न्यूजीलैंड को अपनी जगह पक्की करनी है। इस मैच का नतीजा पाकिस्तान की किस्मत भी तय करेगा।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Saksham Agrawal

Feb 26, 2026

England vs New Zealand T20 World Cup 2026 Super 8

न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड टी20 विश्व कप 2026 सुपर 8 (Image: ANI)

ICC T20 World Cup 2026 Super 8 (Eng vs NZ): आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 चरण में शुक्रवार (27 फरवरी) को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच एक अहम मुकाबला होने वाला है। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। इंग्लैंड ग्रुप-2 में पहले ही सेमीफाइनल की राह पक्की कर चुका है। लेकिन न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा।

पाकिस्तान की नजरें भी इस मैच पर टिकी हैं। पाकिस्तान को सेमीफाइनल के लिए न केवल श्रीलंका के खिलाफ बड़े अंतर से जीतना होगा, बल्कि इंग्लैंड का न्यूजीलैंड को हराना भी जरूरी है। फिल्हाल पाकिस्तान का नेट रन रेट -0.461 है, जबकि न्यूजीलैंड का +3.050 है। ऐसे में पाकिस्तान के लिए आगे की राह बेहद कठिन है।

पिच रिपोर्ट

27 फरवरी को कोलंबो में तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और बारिश की आशंका न के बराबर है। आर. प्रेमदासा स्टेडियम की सतह शुरुआत में स्विंग गेंदबाज और गेंद की टाइमिंग पर खेलने वाले बल्लेबाज, दोनों को थोड़ी मदद करती है। मगर जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी पड़ती जाती है और स्पिनर हावी होने लगते हैं। इस मैदान पर टी20 में पहली पारी का औसत स्कोर 145-150 रन रहा है, जबकि दूसरी पारी में यह घटकर करीब 135 तक आ जाता है। टॉस यहां अहम भूमिका निभाएगा, टीमें पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेंगी।

टूर्नामेंट में दोनों टीमों का सफर

इंग्लैंड का इस टूर्नामेंट में सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा। ग्रुप चरण में वे नेपाल के खिलाफ जूझे और वेस्टइंडीज से हार भी झेली, लेकिन स्कॉटलैंड और इटली को हराकर सुपर 8 में जगह बनाई। सुपर 8 में उनका प्रदर्शन कहीं बेहतर रहा। पहले श्रीलंका को 51 रन से हराया, फिर पाकिस्तान को 2 विकेट से मात दी। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कप्तान हैरी ब्रुक ने 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा, जिससे इंग्लैंड सेमीफाइनल का टिकट पक्का करने वाली पहली टीम बनी।

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक हार के बावजूद तीन जीत दर्ज कर सुपर-8 में पहुंची। पाकिस्तान के खिलाफ पहला सुपर 8 मैच बारिश की भेंट चढ़ गया, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ कीवियों ने 168 रन के स्कोर को बचाते हुए 61 रन की शानदार जीत दर्ज की।

ये खिलाड़ी तय करेंगे मैच का रुख

इंग्लैंड की तरफ से हैरी ब्रुक और फिल साल्ट पर नजरें होंगी। साल्ट पावरप्ले में विस्फोटक शुरुआत के लिए जाने जाते हैं और कोलंबो में भी उनसे तूफानी शुरुआत की उम्मीद होगी। ब्रुक टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं, मगर कोलंबो की स्पिन-फ्रैंडली पिच पर उनका टेस्ट होगा। आदिल रशीद की लेगस्पिन इस पिच पर खासी कारगर हो सकती है।

न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रविंद्र खतरनाक हथियार हैं, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट लेकर यह साबित किया कि वे गेंद से भी उतने ही घातक हैं जितने बल्ले से। ग्लेन फिलिप्स मध्यक्रम में भरोसेमंद बल्लेबाज की भूमिका निभाते हैं और मिचेल सैंटनर की स्पिन भी इस पिच पर इंग्लैंड के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।​​​​​​​​​​​​​​​​