
टी20 विश्व कप 2026 सुपर 8: श्रीलंका बनाम पाकिस्तान (Image: ANI)
T20 World Cup 2026 Super 8 (SL vs Pak): टी20 विश्व कप 2026 में शनिवार को पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच सुपर 8 के ग्रुप 2 का आखिरी मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला भले ही दोनों टीमों के लिए आखिरी हो, लेकिन इससे सिर्फ पाकिस्तान के क्वालिफिकेशन पर असर पड़ेगा। इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका है और श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है। पाकिस्तान के पास अभी तक सिर्फ एक अंक है, वह भी न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश से धुले मैच में मिला था। ग्रुप 2 में सेमीफाइनल की दूसरी सीट के लिए अब लड़ाई पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच है, जहां न्यूजीलैंड 3 अंकों और बेहतर नेट रन रेट के साथ काफी आगे है।
अगर श्रीलंका पाकिस्तान को हरा देता है, तो पाकिस्तान का वर्ल्ड कप सफर वहीं खत्म हो जाएगा और टीम सिर्फ 1 अंक के साथ सुपर 8 से ही बाहर हो जाएगी। श्रीलंका खुद पहले ही बाहर है, इसलिए उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं, घरेलू दर्शकों के सामने इज्जत बचाना ही उसका लक्ष्य होगा।
लेकिन पाकिस्तान के लिहाज से एक और खतरा है बारिश। सुपर 8 में रिजर्व डे का कोई प्रावधान नहीं है। ऐसा होने के आसार कम हैं, लेकिन अगर मैच पूरी तरह धुल गया, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा और पाकिस्तान 2 अंक पर रुक जाएगा। न्यूजीलैंड के 3 अंकों के सामने यह भी नाकाफी होगा, यानी बारिश भी पाकिस्तान के लिए हार जितनी ही खतरनाक है।
पाकिस्तान का सेमीफाइनल का टिकट केवल श्रीलंका को हराने से पक्का नहीं होगा। उसे कल (27 फरवरी) कोलंबो के आर प्रेमदास स्टेडियम में खेले जाने वाले इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड मैच के नतीजे पर भी टकटकी लगानी होगी। अगर मिचेल सेंटनर की अगुवाई में कीवी अगर इंग्लैंड को हरा देते हैं, तो उनके 5 अंक हो जाएंगे और पाकिस्तान का सफर वहीं खत्म हो जाएगा, चाहे वह श्रीलंका को कितने भी बड़े अंतर से क्यों न हराए। पाकिस्तान की उम्मीद तभी जिंदा रहेगी जब इंग्लैंड जीते और 6 अंकों के साथ टेबल में शीर्ष पर सुपर 8 सफर खत्म करे। उस स्थिति में दूसरे स्थान के लिए पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों टीमें 3-3 अंक पर बराबर होंगी और फैसला नेट रन रेट से होगा।
अगर इंग्लैंड न्यूजीलैंड को हरा देता है तब भी पाकिस्तान के लिए श्रीलंका पर सिर्फ जीत काफी नहीं है। जीत का अंतर तय करेगा कि वह आगे जाएगा या नहीं। पाकिस्तान का नेट रन रेट फिल्हाल -0.461 है, वहीं न्यूजीलैंड +3.050 के साथ काफी बेहतर स्तिथि में है। विशेषज्ञों के अनुसार दोनों मैचों के मार्जिन का टोटल करीब 70 रन होना चाहिए। यानी अगर इंग्लैंड न्यूजीलैंड को 20 रनों से हराता है, तो पाकिस्तान को श्रीलंका को कम से कम 50 रनों से हराना होगा। अगर इंग्लैंड का मार्जिन 40 रनों का रहा, तो पाकिस्तान को 26 से 30 रनों की जीत चाहिए होगी। अगर इंग्लैंड बमुश्किल 10 रनों से जीता, तो पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को 48 से 53 रनों के बड़े अंतर से रौंदना होगा।
Published on:
26 Feb 2026 07:21 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
