26 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रफ्तार के सौदागर उमरान मलिक की जमकर हुई कुटाई, एक ओवर में 36 रन लुटाकर बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड

उमरान मलिक ने IPL 2022 में SRH के लिए खेलते हुए 14 मैचों में 22 विकेट लेते हुए चर्चा बटोरी थी। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टीम में मौका भी मिला था, लेकिन उसके बाद से आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में उमरान के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई।

2 min read
Google source verification
umran malik

उमरान मलिक, क्रिकेटर, भारत (File Photo Credit- IANS)

Umran Malik Conceded 36 runs in an Over: टीम इंडिया से बाहर चल रहे दाएं हाथ के तेज गेंदबाज उमरान मलिक के प्रदर्शन में लगातार गिरावट देखी जा रही है। गुरुवार को तो उन्होंने अपने नाम ऐसा रिकॉर्ड कर लिया, जिसे वो कभी याद तक नहीं रखना चाहेंगे। डीवाई पाटिल टी20 कप में उमरान ने एक मुकाबले में 2 ओवर की गेंदबाजी में 59 रन खर्च कर दिए। इस दौरान उन्होंने अपने दूसरे ओवर में 36 रन खर्च किए।

2 ओवर में ही लुटा दिए 59 रन

25 फरवरी को मुंबई कस्टम्स के खिलाफ टाटा स्पोर्ट्स क्लब के लिए खेलते हुए उमरान ने दो ओवर में 59 रन लुटा दिए। उमरान ने अपने पहले ओवर में 23 रन दिए थे। इसके बाद अपने दूसरे ओवर में 36 रन लुटा दिए। पारी के 13वें ओवर में उमरान अपना दूसरा ओवर लेकर आए थे। पहली गेंद पर सिंगल लेने के बाद रुग्वेद ने दूसरी गेंद पर चौका और तीसरी गेंद पर छक्का मारा, जिसे नो-बॉल करार दिया गया। इसके बाद मिली फ्री हिट पर कोई रन नहीं बना, लेकिन मोरे ने अगली दो गेंदों पर एक छक्का और एक चौका समेत 10 रन और जोड़े।

इसके बाद एक वाइड और एक और नो-बॉल फेंक दी, जिसमें सचिन ने फ्री हिट पर चौका मारा, जो फिर से वैध नहीं थी। इसके बाद उमरान आखिरी फ्री हिट पर एक और छक्का खा गए। कुल इस ओवर में 36 रन बने। उनका स्पेल 2 ओवर में 59 रन रहा। मुंबई कस्टम्स ने 16 ओवर में लक्ष्य का पीछा पूरा किया। मोरे ने 45 गेंदों में शतक बनाया और 46 गेंदों में 101 रन बनाए।

उमरान मलिक आईपीएल 2026 में केकेआर का हिस्सा हैं। उनकी गेंदबाजी देखने के बाद निश्चित तौर पर टीम की चिंता बढ़ गई होगी। मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद टीम की तेज गेंदबाजी पहले से ही दबाव में है। हर्षित राणा भी घुटने की चोट से उबर रहे हैं।

2023 में खेला था आखिरी इंटरनेशनल मैच

उमरान मलिक ने आईपीएल 2022 में एसआरएच के लिए खेलते हुए 14 मैचों में 22 विकेट लेते हुए चर्चा बटोरी थी। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टीम में मौका भी मिला था, लेकिन उसके बाद से आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में उमरान के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई। खराब प्रदर्शन की वजह से ही वह भारतीय टीम से भी बाहर हैं। 2023 में आखिरी बार भारतीय टीम के लिए खेलने वाले उमरान ने 10 वनडे और 8 टी20 मैच खेले हैं।