क्रिकेट

IND vs NZ: भारत को 17 साल से न्‍यूजीलैंड की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीत का इंतजार, जानें अब तक किसने जीती कितनी सीरीज?

India in New Zealand Test Series: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज जीतने के बाद अब भारत की असली परीक्षा टेस्ट सीरीज में होने वाली है। आईसीसी वर्ल्‍ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से ये सीरीज दोनों ही टीमों के लिए अहम है। आइये इससे पहले दोनों टीमों के बीच न्‍यूजीलैंड में खेली गई टेस्‍ट सीरीज के आंकड़ों पर डालते हैं।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 10:58 AM IST
India in New Zealand Test Series
न्‍यूजीलैंड टेस्‍ट टीम के कप्‍तान टॉम लैथम और भारत के कप्‍तान शुभमन गिल। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/SonySportsNetwk)

India in New Zealand Test Series Stats: भारतीय टीम का प्रदर्शन टी20 और वनडे सीरीज में शानदार रहा। भारत ने टी20 सीरीज पर 3-2 और वनडे सीरीज पर 3-1 से कब्‍जा जमाया। अब इस दौरे पर टीम इंडिया आईसीसी वर्ल्‍ड टेस्‍ट चैंपियनशिप के तहत दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज खेलेगी। लेकिन, चिंता की बात ये है कि न्यूजीलैंड की सरजमीं पर टीम इंडिया का टेस्ट रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। भारत ने यहां आखिरी बार टेस्‍ट सीरीज 17 साल पहले जीती थी, तब से भारतीय टीम लगातार हारती आ रही है। आइये इस सीरीज के शुरू होने से पहले न्‍यूजीलैंड में दोनों टीमों के टेस्‍ट आंकड़े आपको बताते हैं।

न्‍यूजीलैंड में भारत ने जीती हैं सिर्फ दो टेस्‍ट सीरीज

भारत ने न्‍यूजीलैंड में पहली टेस्‍ट सीरीज 1967-68 में खेली थी। चार टेस्‍ट मैचों की उस सीरीज में टीम इंडिया ने 3-1 से जीत दर्ज की थी। लेकिन, उसके बाद लगातार चार सीरीज में शिकस्‍त झेलनी पड़ी। इसके बाद भारत ने न्‍यूजीलैंड में 2008-09 में तीन मैचों की टेस्‍ट सीरीज 1-0 से जीती, लेकिन 17 साल से भारतीय टीम न्‍यूजीलैंड में सीरीज जीतने का सूखा झेल रही है। आपको बता दें कि न्‍यूजीलैंड में करीब 58 साल के टेस्‍ट क्रिकेट इतिहास में भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच कुल 10 टेस्‍ट सीरीज खेली गई हैं, जिनमें से भारतीय टीम सिर्फ दो सीरीज ही जीत सकी है। वहीं, कीवी टीम ने अपनी धरती पर 6 टेस्‍ट सीरीज जीती हैं। जबकि दो ड्रॉ रही हैं।

न्यूजीलैंड में भारत का टेस्ट सीरीज रिकॉर्ड

सालसीरीज का विजेतासीरीज का नतीजा
2019/20न्यूजीलैंड2-0 (2 टेस्ट)
2013/14न्यूजीलैंड1-0 (2 टेस्ट)
2008/09भारत1-0 (3 टेस्ट)
2002/03न्यूजीलैंड2-0 (2 टेस्ट)
1998/99न्यूजीलैंड1-0 (2 टेस्ट)
1993/94ड्रॉ0-0 (1 टेस्ट)
1989/90न्यूजीलैंड1-0 (3 टेस्ट)
1980/81न्यूजीलैंड1-0 (3 टेस्ट)
1975/76ड्रॉ1-1 (3 टेस्ट)
1967/68भारत3-1 (4 टेस्ट)

न्‍यूजीलैंड में अब तक सिर्फ 5 टेस्‍ट मैच जीत सका है भारत

वहीं, न्यूजीलैंड में भारत ने उपरोक्‍त सीरीज के तहत अब तक कुल 25 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से टीम को महज 5 मैचों में ही जीत नसीब हो सकी है। वहीं, 10 मैचों में मेजबान न्‍यूजीलैंड ने जीत दर्ज की है। जबकि 10 टेस्‍ट मैच ड्रॉ रहे हैं। टीम इंडिया को 2020 में न्यूजीलैंड के अपने आखिरी दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का मुंह देखना पड़ा था। इसके बाद 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को घर में आकर 3-0 से हराया था।

Updated on:
16 Nov 2026, 10:58 AM IST
Published on: