क्रिकेट

न्यूजीलैंड में 10 साल बाद सीरीज फतह, तीसरे वनडे में भारत ने सात विकेट से दर्ज की जीत

पांच वनडे मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 3-0 से आगे हो गई है।
2 min read
India vs New Zeland
India vs New Zeland

नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में भारतीय टीम ने सात विकेट से जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया पांच वनडे मैचों की सीरीज में 3-0 से आगे हो गई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद न्यूजीलैंड की सरजमीं पर भी टीम इंडिया ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड में 10 साल बाद वनडे सीरीज पर कब्जा किया है। भारत ने आखिरी वनडे सीरीज साल 2009 में जीती थी।

रोहित-कोहली के अर्द्धशतक पर लक्ष्य हुआ आसान

माउंट माउंगानुई में खेले गए मैच में टीम इंडिया को 244 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे भारतीय टीम ने सात ओवर पहले ही बड़े आराम से हासिल कर लिया। रोहित शर्मा (62) और कप्तान विराट कोहली (60) के अर्धशतकों की बदौलत भारत को 244 का लक्ष्य हासिल करने में जरा भी दिक्कत नहीं हुई।

रायडू-कार्तिक की जोड़ी ने जीत की दहलीज पर पहुंचाया

कोहली और रोहित शर्मा के अलावा अंबाती रायडू (40) और दिनेश कार्तिक (38) ने भी अहम पारियां खेलकर जीत में योगदान दिया। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने दो विकेट जल्दी गिरने के बाद भारतीय पारी को संभाला और टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया।

पुरानी लय में ही दिखे हार्दिक पांड्या

भारतीय बल्लेबाजों से पहले गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और न्यूजीलैंड को 50 ओवर से पहले ही ऑलआउट कर दिया। तेज गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने 3 विकेट लिए, जबकि विवाद के बाद टीम में वापसी कर रहे हार्दिक पांड्या भी पुरानी लय में ही दिखे और उन्होंने भी 10 ओवर में 45 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा चहल और भुवनेश्वर कुमार को भी 2-2 विकेट मिले।

शतक से चूके रॉस टेलर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रॉस टेलर ने रन बनाए। उन्होंने 93 रन की पारी खेली। टेलर अलावा टॉम लेथम ने भी अर्द्धशतक लगाया। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का अच्छे से सामना नहीं कर पाया। कप्तान केन विलियम्सन सिर्फ 28 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार हुए।

लेथम और टेलर के बीच हुई शतकीय साझेदारी

न्यूजीलैंड की तरफ से टॉम लेथम और रॉस टेलर ने शतकीय साझेदारी की। दोनों ने 119 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को तोड़ने का काम किया युजवेंद्र चहल ने। चहल ने लाथम को अंबाती रायुडू के हाथों कैच आउट करा पविलियन की राह दिखाई।

न्यूजीलैंड में खेली गई वनडे सीरीज में भारत का रिकॉर्ड- (2 सीरीज जीत गया भारत)

1. 1975-76: न्यूजीलैंड 2-0 (2) से विजयी

2. 1980-81: न्यूजीलैंड 2-0 (2) से विजयी

3. 1993-94 : ड्रॉ- 2-2 (4)

4. 1998-99 : ड्रॉ- 2-2 (5)

5. 2002-03: न्यूजीलैंड 5-2 (7) से विजयी

6. 2008-09: भारत 3-1 (5) से विजयी

7. 2013-14: न्यूजीलैंड 4-0 (5) से विजयी

8. 2018-19: भारत 3-0 (5) से अजेय (2 मैच बाकी)

Updated on:
28 Jan 2019 05:08 pm
Published on:
28 Jan 2019 03:49 pm