
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी चार मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेला जा रहा है। बॉक्सिंग डे के नाम से मशहूर इस टेस्ट मैच का चौथा दिन बेहद रोमांचक रहा। हालांकि इस मैच में भारतीय टीम ने पकड़ बना ली है। टेस्ट मैच के चौथे दिन शनिवार को भारत द्वारा रखे गए 399 रनों के विशाल स्कोर के सामने अच्छी शुरुआत नहीं कर सकी। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को भारतीय गेंदबाजों ने खुल कर खेलने का मौका नहीं दिया और एक-एक कर पवेलियन भेज दिया। भारत की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज रविंद्र जडेजा रहे।
कमिंस ने लगाया शानदार अर्धशतक -
पैट कमिंस (नाबाद 61) ने ऑस्ट्रेलिया की हार को एक दिन के लिए टाल दिया है। मेजबान ने दिन का अंत अपनी दूसरी पारी में आठ विकेट के नुकसान पर 258 रनों के साथ किया। भारत को मैच के आखिरी दिन जीत के लिए दो विकेट चाहिए तो वहीं आस्ट्रेलिया को 141 रनों की दरकार है। भारत ने अपनी पहली पारी सात विकेट के नुकसान पर 443 रन बनाकर घोषित कर दी थी और फिर ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 151 रनों पर ढेर कर दिया था। इस लिहाज से वह दूसरी पारी में 292 रनों की बढ़त के साथ उतरी थी।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी एक बार फिर फ्लॉप -
भारत ने चौथे दिन के पहले सत्र में अपनी दूसरी पारी आठ विकेट के नुकसान पर 106 रनों पर घोषित कर ऑस्ट्रेलिया को विशाल लक्ष्य दिया। इस पारी में कमिंस ने छह विकेट लिए जबकि जोश हेजलवुड को दो सफलताएं मिलीं। भारत के लिए मयंक अग्रवाल ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम लगातार विकेट खो रही थी और लग रहा था कि भारत चौथे दिन ही मैच अपने नाम कर लेगा लेकिन कमिंस ने पहले मिशेल स्टार्क (18) के साथ आठवें विकेट के लिए 39 रन फिर नाथन लॉयन (नाबाद 6) के साथ नौवें विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी कर भारत की जीत को एक दिन के लिए टाल दिया।
जडेजा ने चटकाए तीन विकेट -
कमिंस ने अभी तक 103 गेंदों का सामना किया है और पांच चौकों के अलावा एक सिक्स मारा है। उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के लिए शॉन मार्श ने 44 और ट्रेविस हेड ने 34 रन बनाए। उस्मान ख्वाजा ने 33 और कप्तान टिम पेन ने 26 रनों का योगदान दिया। भारत के लिए अभी तक रवींद्र जड़ेजा तीन विकेट ले चुके हैं जबकि जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के हिस्से में दो-दो विकेट आए हैं। ईशांत शर्मा को एक विकेट मिला।