
India vs Australia 1st ODI Pitch and weather report: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत आज से होने जा रही है। इस सीरीज का पहला मुक़ाबला आज दोपहर 1.30 बजे से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज को 2-1 से अपने नाम करने के बाद भारतीय टीम वनडे सीरीज भी अपने नाम करना चाहेगी। इस साल के अंत में भारत में ही वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है। ऐसे में यह सीरीज दोनों टीमों के लिहाजे से बहुत जरूरी है। तो आइए इस मैच से पहले जानते हैं मुंबई के मौसम और पिच का हाल -
ऐसी है वानखेड़े स्टेडियम की पिच -
वानखेड़े स्टेडियम की पिच हमेशा से पाटा रही है। यहां बल्लेबाजों को मदद मिलती है और जमकर रन बरसते हैं। ऐसे में आज का मैच भी हाई स्कोरिंग होने वाला है। यहां टॉस भी अहम साबित होगा क्योंकि शाम के समय में ओस का प्रभाव देखने को मिल सकता है। जो टीम टॉस जीतेगी, वो पहले फील्डिंग करना पसंद कर सकती है। दरअसल, ओस के कारण गेंद पर ग्रिप करना मुश्किल हो जाता है तो बल्लेबाजों को काफी फायदा मिलता है।
मुंबई के मौसम का हाल -
मुंबई में मौसम को रंग बदलते देर नहीं लगती। लेकिन आज यहां बारिश के असर ना के बराबर हैं। ऐसे में फैंस को पूरा मैच देखने को मिलेगा। ये एक डे-नाइट मुकाबला है जो कि दोपहर 1.30 बजे शुरू होना है। ऐसे में तापमान 31 डिग्री सेलसियस रहने की उम्मीद है, जो शाम में घटकर 26 डिग्री तक जा सकता है। शाम को भी खिलाड़ियों को उमस से ज्यादा राहत नहीं मिलने वाली। मुंबई में 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की उम्मीद है। यहां उमस 82 प्रतिशत तक रहने की अपेक्षा है।
वानखेड़े में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड -
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया हमेशा भारत पर भारी पड़ा है। इस मैदान में दोनों देशों के बीच अबतक तीन वनडे मुक़ाबले खेले गए हैं। इसमें से दो बार ऑस्ट्रेलिया और मात्र एक बार भारत को जीत हासिल हुई है। भारत ने साल 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को वानखेड़े में हराया था। वहीं आखिरी बार भारतीय टीम 2020 में विराट कोहली की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया से यहां भिड़ी थी। उस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से हराया था।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: शुभमन गिल, ईशान किशन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (कप्तान), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर/युजवेंद्र चहल/कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक।
ऑस्ट्रेलिया: ट्रैविस हेड, डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरून ग्रीन, मिचेल मार्श/मार्कस स्टोइनिस, एलेक्स केरी, सीन एबॉट, एडम जांपा, मिचेल स्टार्क।