
वैभव सूर्यवंशी (फाइल फोटो सोर्स: IANS)
India vs England T20 Series 2026: वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू से पहले वर्ल्ड क्रिकेट में खूब उनकी चर्चा हो रही है, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने अभी तक उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी है। हालांकि, अब तिलक वर्मा की धीमी बल्लेबाजी की वजह से उन्हें ओपनिंग नहीं, बल्कि पांचवें नंबर पर टीम मैनेजमेंट मौका दे सकता है।
अब तक वैभव सूर्यवंशी को ओपनिंग स्पॉट पर खिलाने की बात हो रही थी। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने टी20 सीरीज शुरू होने से पहले साफ कर दिया था कि जिन खिलाड़ियों ने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया है और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई है, उन्हें लगातार मौके देना जरूरी है, ताकि उनका आत्मविश्वास बढ़े और उन्हें टीम में सुरक्षा का एहसास हो।
हालांकि, तिलक वर्मा ने न तो टी20 वर्ल्ड कप में लगातार शानदार प्रदर्शन किया और न ही उसके बाद कुछ खास कर सके हैं। इसके अलावा पांचवें नंबर पर आकर उनकी धीमी बल्लेबाजी भी टीम की मुश्किलें बढ़ा रही है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में जब भारतीय टीम को तेजी से रन बनाने की जरूरत थी, तब वह 13 गेंदों पर सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए।
इससे पहले आयरलैंड के खिलाफ भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, जिसमें भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में उन्होंने सिर्फ 8 रन बनाए, जबकि सेमीफाइनल में 21 रन ही बना सके। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने 27 रन की पारी खेली। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ 24 गेंदों में 25 रन और नामीबिया जैसी कमजोर टीम के खिलाफ 21 गेंदों में 25 रन ही बना पाए।
हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में उन्होंने 42 गेंदों पर 73 रन की शानदार पारी खेली थी, लेकिन धर्मशाला की टर्निंग पिच पर 34 गेंदों में सिर्फ 25 रन बना सके। इसके अलावा कटक में भी उन्होंने काफी धीमी पारी खेली और 32 गेंदों पर 26 रन बनाए। होबार्ट में खेले गए टी20 मुकाबले में भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 26 गेंदों पर 29 रन की पारी खेली।
इन्हीं पारियों की वजह से वह अब तक भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं और टीम इंडिया के उपकप्तान भी बने। एशिया कप 2025 के फाइनल में भी तिलक वर्मा का स्ट्राइक रेट सिर्फ 130 रहा, जहां उन्होंने 53 गेंदों पर 69 रन की पारी खेली। हालांकि, वह पारी बाद में भारत के लिए मैच जिताऊ साबित हुई। इसके बाद तिलक वर्मा टी20 टीम का नियमित हिस्सा बन गए।
लेकिन अब जिस तरह से वह लगातार धीमी बल्लेबाजी कर रहे हैं, उससे उन पर दबाव बढ़ने लगा है, क्योंकि वैभव सूर्यवंशी जैसा बल्लेबाज बेंच पर इंतजार कर रहा है। वैभव ने आईपीएल में दिग्गज गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 72 छक्के लगाकर इतिहास रचा। उन्होंने सबसे तेज स्ट्राइक रेट से रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा वह लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। आईपीएल में भी उन्होंने दूसरा सबसे तेज शतक अपने नाम किया है।
ऐसे में अगर टीम मैनेजमेंट तिलक वर्मा की जगह वैभव सूर्यवंशी को पांचवें नंबर पर मौका देती है, तो यह टीम इंडिया के लिए एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।
Published on:
02 Jul 2026 02:09 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
