2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND vs ENG: वैभव सूर्यवंशी के न खेलने से नाराज हुए सुनील गावस्कर, कहा-डेब्यू में देरी हुई तो बढ़ेगा दबाव

Vaibhav Suryavanshi Debut Delay: आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाकर चयनकर्ताओं को टी20 स्क्वॉड में चुने जाने के लिए मजबूर करने वाले वैभव सूर्यवंशी अब तक बेंच पर ही बैठे नजर आए हैं।
2 min read
Google source verification
vaibhav suryavanshi

वैभव सूर्यवंशी (फोटो- IANS)

Sunil Gavaskar on Vaibhav Suryavanshi: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी गई। मैच से पहले नेट प्रैक्टिस में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने वाले सूर्यवंशी बेंच पर बैठे रहे। उनके प्लेइंग 11 से बाहर होने पर भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर काफी निराश नजर आए और उन्होंने BCCI को चेतावनी दी।

गावस्कर ने दी चेतावनी

गावस्कर ने ब्रॉडकास्टर से बातचीत करते हुए कहा, "वैभव को जब भी मौका मिलेगा, तो उनके डेब्यू में हो रही देरी उन पर और अधिक दबाव डालेगी। हालांकि, 15 साल की उम्र में आप दबाव के बारे में ज्यादा कुछ नहीं सोचते हैं। वह जानते हैं कि अगर उन्हें दूसरे या तीसरे मैच में मौका मिला, तो उन्हें हर हाल में अच्छा प्रदर्शन करके दिखाना होगा। मगर वह टीम में आकर खुश हैं। भारतीय टीम शानदार खिलाड़ियों से भरी हुई है, जिनसे वैभव काफी कुछ सीख सकते हैं।"

अगर वैभव को इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में मौका मिलता है, तो वह मेंस टी20 इंटरनेशनल में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड आयरलैंड के जोशुआ लिटिल के नाम है, जिन्होंने 16 साल और 309 दिन की उम्र में डेब्यू किया था। इसके साथ ही वैभव, सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर भारत की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन जाएंगे। सचिन ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू 16 साल की उम्र में किया था।

रद्द हो गया पहला टी20 मुकाबला

भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 189 रन बनाए। हालांकि, झमाझम बारिश की वजह से इंग्लैंड को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिल सका और मुकाबले को रद्द करना पड़ा।

टीम इंडिया की ओर से अभिषेक शर्मा ने 59 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 68 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, शिवम दुबे ने 21 गेंदों पर 42 रनों की नाबाद पारी खेली। हालांकि, संजू सैमसन, ईशान किशन और तिलक वर्मा बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके।