बांग्लादेश ने शनिवार को स्टंप्स तक दूसरी पारी में 4 विकेट पर 158 रन बना लिए थे। मेहमान टीम को जीत के लिए अभी भी 357 रन की जरूरत है।
Ind vs Ban,1st Test: मुशफिकुर रहीम ने शनिवार को यहां एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। वह तमीम इकबाल के रनों को पीछे छोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बांग्लादेश के सर्वकालिक सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
तीसरे दिन के अंतिम सत्र में दूसरी पारी में आउट होने से पहले 13 रन की पारी खेलने वाले रहीम ने सभी प्रारूपों में 464 मैचों में 20 शतकों और 82 अर्द्धशतकों सहित 15,205 रन बनाए हैं। इससे पहले, पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने 387 मैचों में 25 शतकों और 94 अर्धशतकों सहित 15,192 रन बनाकर बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया था।
अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन 446 मैचों में 14 शतकों और 100 अर्द्धशतकों के साथ 14,701 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं। वह वर्तमान में छह रन पर नाबाद हैं। रविवार को कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (51*) के साथ अपनी पारी फिर से शुरू करेंगे।
भारत ने बांग्लादेश को जीत के लिए 515 रन का लक्ष्य दिया है। बांग्लादेश ने शनिवार को स्टंप्स तक दूसरी पारी में 4 विकेट पर 158 रन बना लिए थे। मेहमान टीम को जीत के लिए अभी भी 357 रन की जरूरत है। भारत ने पहली पारी में 376 रन बनाने के बाद बांग्लादेश को 149 रन पर समेट दिया था। वहीं भारत ने 4 विकेट पर 287 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित कर बांग्लादेश को 515 रन का लक्ष्य दिया।