
India vs New Zealand 2nd Test Day 1 Highlights: भारत और न्यूजीलैंड की बीच जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन में ड्रॉ होने के बाद दूसरा टेस्ट शुक्रवार से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल ग्राउंड पर खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान कीवी टीम ने अपनी पहली पारी में पहले दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट के नुकसान पर 246 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान टॉम लैथम और टॉम ब्लंडेल ने अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। वहीं, भारत के लिए आकाश दीप ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए हैं। जबकि डेब्यूटेंट गुरनूर बराड़, अंशुल कंबोज और वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट हासिल किया है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को पहला झटका लंच से पहले आखिरी बॉल पर डेब्यूटेंट गुरनूर बराड़ ने डेवोन कॉनवे को एलबीडब्ल्यू आउट करके दिया। कॉनवे 79 गेंदों पर 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। लंच तक 77/1 के स्कोर पर न्यूजीलैंड एक बड़ा टोटल बनाने की स्थिति में लग रही थी, जिसमें कप्तान टॉम लैथम ने अपना 32वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। लेकिन, भारत के पेस अटैक ने लैथम, हेनरी निकोल्स और रचिन रविंद्र 110 के स्कोर पर बैक-टू-बैक पवेलियन भेजकर शानदार वापसी की।
लैथम 127 गेंदों पर 6 चौके की मदद से 59 रन बनाते हुए बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन 42वें ओवर में आकाश दीप ने शानदार गेंद फेंकी। आकाश ने क्रीज के बाहर से बॉलिंग करते हुए एंगल से अंदर की ओर बॉल फेंकी। इससे पहले कि वह अपनी लाइन में रहते, बल्ले से बॉल का बाहरी किनारा लग गया, जिसे ऋषभ पंत ने आसानी से पकड़ लिया। इसके बाद कंबोज ने अगले ही ओवर में पिछले मैच के शतकवीर निकोल्स को आउट कर दिया।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 46 गेंदों पर 16 रन बनाए और एक शॉर्ट गेंद पर गलत टाइमिंग से पुल शॉट मारने के चक्कर में टॉप एज लगा बैठे। आकाश ने लॉन्ग लेग पर कैच पकड़ा। फिर आकाश ने 44वें ओवर में फिर से वहीं गेंद फेंकी। इस बार रचिन का एज लगा और गेंद सीम से हटकर पंत के दस्तानों में चली गई। इस तरह न्यूजीलैंड का स्कोर 110/4 हो गया और टी तक उसने 131/4 का स्कोर किया।
चायकाल के बाद न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को फिर से विकेट के लिए तरसा दिया। आखिरी सेशन में भारत को एकमात्र सफलता वाशिंगटन सुंदर ने डेरिल मिचेल के रूप दिलाई। डेरिल 74 गेंदों पर चार चौके की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए। मेजबान टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट के नुकसान पर 246 रन बना लिए हैं। टॉम ब्लंडेल 117 गेंदों पर 53 रन और ग्लेन फिलिप्स 64 गेंदों पर 36 रन बनाकर खेल रहे हैं।