
India vs New Zealand 2nd Test: भारत के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड की टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी कर रही है। करीब डेढ़ सेशन तक हरी घास वाली पिच पर संघर्ष करने के बाद भारतीय तेज गेंदबाजों ने शानदार कमबैक किया है। लंच के बाद पहले हाफ में न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 110/1 था। इसके बाद आकाशदीप ने 42वें ओवर में अर्धशतक बनाकर खेल रहे कप्तान टॉम लैथम को आउट किया। फिर उसके अगले ही ओवर में अंशुल कंबोज ने पिछले मैच के शतकवीर हेनरी निकोल्स को आउट किया। इसके अगले ही ओवर में आकाश दीप ने रचिन रविंद्र को अपना शिकार बनाते हुए न्यूजीलैंड की टीम को बैक-टू-बैक तीन झटके देते हुए स्कोर को 110/4 पहुंचा दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान टॉम लैथम और डेवोन कॉनवे ने भारतीय पेस अटैक की शुरुआती चुनौती का सामना किया, जिसमें न्यूजीलैंड के कप्तान शुरुआती ओवर में एलबीडब्ल्यू होने से बाल-बाल बच गए। इसके बाद इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी हुई। जब डेब्यूटेंट गुरनूर बराड़ ने लंच से पहले आखिरी गेंद पर कॉनवे का विकेट लिया। कॉनवे ने 79 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 31 रन बनाए। यह ब्रेकथ्रू बराड़ के लिए एक अहम पल था, जिन्होंने डेब्यू पर टेस्ट विकेटों की शुरुआत की। न्यूजीलैंड ने 26 ओवर के बाद लंच तक 77/1 का स्कोर बनाया।
लंच के बाद पहले हाफ तक न्यूजीलैंड की टीम 41 ओवर के बाद 110/1 के स्कोर पर थी। इसी बीच 42वें ओवर में आकाश दीप ने न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच कराकर दूसरा झटका दिया। लैथम 128 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 59 रन की अर्धशतकीय पारी खेलकर आउट हुए। इसके अगले ही ओवर में अंशुल कंबोज ने पिछले टेस्ट के प्लेयर ऑफ द मैच हेनरी निकोल्स को आउट कर कीवी टीम को 110 के स्कोर पर ही तीसरा झटका दिया। हेनरी ने 46 गेंदों का सामना करते हुए एक चौके की मदद से 16 रन की पारी खेली। आकाश ने फिर अगले ही ओवर में रचिन रविंद्र को शून्य के स्कोर पर पवेलियन भेजकर कीवी टीम को 110 के स्कोर पर ही चौथा झटका दिया।
न्यूजीलैंड की टीम ने पहले दिन चायकाल तक 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 131 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। डेरिल मिचेल 23 गेंदों पर 6 रन और टॉम ब्लूंडेल 21 गेंदों पर 8 रन बनाकर खेल रहे हैं।