क्रिकेट

IND vs NZ 2nd Test: क्राइस्टचर्च टेस्‍ट से पहले हेगले ओवल की पिच की शुरुआती तस्‍वीरें आई सामने, जानें किसको मिलेगी मदद, पढ़ें पिच रिपोर्ट

IND vs NZ 2nd Test Pitch Report: क्राइस्टचर्च टेस्‍ट से पहले हेगले ओवल की पिच पहली तस्‍वीरें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने आधिकारिक एक्‍स अकाउंट पर शेयर की हैं। जहां टीम के हेड कोच गौतम गंभीर प्‍लेयर्स के साथ विकेट की पड़ताल करते नजर आ रहे हैं। आइये मैच से पहले आपको पिच रिपोर्ट बताते हैं।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 10:42 AM IST
IND vs NZ 2nd Test Pitch Report
पिच का जायजा लेते भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

IND vs NZ 2nd Test Pitch Report: भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में पहला टेस्‍ट ड्रॉ होने के बाद अब दूसरा और आखिरी टेस्‍ट क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा। जहां भारतीय टीम का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। मौजूदा वर्ल्‍ड टेस्‍ट चैंपियनशिप 2025-27 साइकिल के लिहाज से भारत के लिए यह मैच बेहद ही महत्‍वपूर्ण है। इस मैच से पहले गुरुवार को हेगले ओवल की पिच की तस्‍वीरें भी सामने आ गई हैं, जिस पर हरी घास की मोटी लेयर नजर आ रही है। यह विकेट वेलिंगटन से कैसे अलग होने वाला है। आइये क्राइस्‍टचर्च टेस्‍ट की पिच रिपोर्ट पर एक नजर डालते हैं।

क्राइस्‍टचर्च की पिच रिपोर्ट

वेलिंगटन में भारत के पास एक शानदार मौका था, लेकिन धीमी पिच की वजह से टीम को ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। लेकिन, शुक्रवार से क्राइस्‍टचर्च में शुरू होने वाले दूसरे और आखिरी टेस्ट के लिए थोड़ी और जान वाली पिच मिल सकती है। पिच की शुरुआती तस्‍वीरों को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां पहले दिन तेज गेंदबाजों को मदद मिलने वाली है। हालांकि इसके बाद बल्‍लेबाजों की चांदी होने वाली है। लेकिन, जब-जब नई गेंद आएगी, तब-तब बल्‍लेबाज यहां संघर्ष करते नजर आ सकते हैं। क्‍योंकि पिच पर हरी घास की मोटी लेयर देखने को मिली है।

गौतम गंभीर ने लिया पिच का जायजा

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड हेगले ओवल की पिच की कुछ शुरुआती फोटो शेयर की हैं, जिनमें भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर टीम के प्‍लेयर्स के साथ पिच का जायजा लेते नजर आ रहे हैं। गंभीर ने विकेट पर घास की लंबाई को भी हाथ से मापने का प्रयास किया है।

हेड क्यूरेटर का दावा 5वें दिन तक जाएगा मैच

हेड क्यूरेटर जेडन टोहिल को उम्मीद है कि क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में विकेट से शुरुआत में गेंदबाजों के लिए कुछ अच्छी मदद मिलेगी। जिसके बाद यह एक अच्छा बैटिंग ट्रैक बन जाएगा। उन्होंने दावा किया कि यहां एक आइडियली और बैलेंस्ड मुकाबला होना चाहिए। यह आमतौर पर पहले बॉलर्स के लिए फायदेमंद होता है और फिर बैटर्स के लिए एक अच्छी सरफेस बन जाती है। क्यूरेटर ने पिछले साल हेगले ओवल में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट का भी जिक्र किया, जो पांचवें दिन तक चला और आखिरी सेशन तक तीनों संभावित रिजल्‍ट के लिए तैयार था।

पिछली हार का हिसाब चुकता करने उतरेगी टीम इंडिया

बता दें कि भारत ने आखिरी बार यहां न्‍यूजीलैंड के खिलाफ 6 साल पहले टेस्‍ट खेला था, जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा था। अब शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया उसी हार का हिसाब चुकता करना चाहेगी। हेगले ओवल के इस मैदान पर मेजबान न्यूजीलैंड ने अब तक 15 टेस्ट मुकाबले खेले हैं, जिनमें से उसने 9 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं, चार में हार का सामना करना पड़ा है। जबकि 2 टेस्‍ट ड्रॉ रहे हैं।

न्यूजीलैंड टीम

टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी, विल यंग, ​​डीन फॉक्सक्रॉफ्ट और मैथ्यू फिशर।

भारतीय टीम

केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी और गुरनूर बराड़।

Updated on:
26 Nov 2026, 10:42 AM IST
Published on: