
India vs Pakistan in Asia Cup Rising Stars 2026: भारत ए एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के अपने पहले मुकाबले में नेपाल के खिलाफ 306 रन से बड़ी जीत के साथ पॉइंट्स टेबल के शीर्ष पर पहुंच गया है। वहीं, इससे पहले शनिवार को ही पाकिस्तान ए ने यूएई के खिलाफ 61 रन से जीत दर्ज की थी और अब वह पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। इन दोनों की जीत के बाद अब ऐसे समीकरण बन रहे हैं कि दोनों ग्रुप चरण के बाद फाइनल में भी भिड़ सकते हैं। आइये एक नजर उन समीकरण पर डालते हैं।
दरअसल, भारत और पाकिस्तान दोनों ने ही ग्रुप चरण के अपने-अपने शुरुआती मुकाबले जीत लिए हैं और दोनों ने ग्रुप-बी की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष दो स्थानों पर हैं। अब यहां से इन दोनों टीमों को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बाकी दो-दो मैचों में से एक-एक मैच जीतना होगा। भारत को जहां ग्रुप चरण में पाकिस्तान और यूएई से खेलना है, तो पाकिस्तान को भारत और नेपाल से भिड़ना है। भारत-पाकिस्तान ने जिस तरह से नेपाल और यूएई के खिलाफ जीत दर्ज की है। उसे देखकर दोनों का सेमीफाइनल में पहुंचना तय माना जा रहा है।
भारत-पाकिस्तान की तरह श्रीलंका और बांग्लादेश ने भी अपने-अपने ग्रुप चरण के शुरुआती मुकाबले जीतकर ग्रुप ए की पॉइंट्स टेबल में क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर जगह बना ली है। श्रीलंका ने अफगानिस्तान के खिलाफ 6 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की है, तो बांग्लादेश ने हांगकांग को 8 विकेट से मात दी है। ग्रुप-ए में श्रीलंका और बांग्लादेश को ही सेमीफाइनल में पहुंचने का दावेदार माना जा रहा है। अगर ये दोनों इसी तरह से सेमीफाइनल में जगह बनाते हैं, तो सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा और पाकिस्तान का सामना दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका से होगा। भारत और पाकिस्तान के सेमीफाइनल में जीतने पर क्रिकेट फैंस को एक बार फिर खिताबी मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वियों के बीच भिड़ंत देखने को मिलेगी।
| स्थान | टीम | मैच | जीत | हार | बेनतीजा | अंक | नेट रन रेट |
|---|---|---|---|---|---|---|---|
| 1 | श्रीलंका-A | 1 | 1 | 0 | 0 | 2 | +3.866 |
| 2 | बांग्लादेश-A | 1 | 1 | 0 | 0 | 2 | +0.986 |
| 3 | हांगकांग-चीन | 1 | 0 | 1 | 0 | 0 | -0.986 |
| 4 | अफगानिस्तान-A | 1 | 0 | 1 | 0 | 0 | -3.866 |
| स्थान | टीम | मैच | जीत | हार | बेनतीजा | अंक | नेट रन रेट |
|---|---|---|---|---|---|---|---|
| 1 | भारत-A | 1 | 1 | 0 | 0 | 2 | +6.120 |
| 2 | पाकिस्तान-A | 1 | 1 | 0 | 0 | 2 | +1.220 |
| 3 | UAE | 1 | 0 | 1 | 0 | 0 | -1.220 |
| 4 | नेपाल | 1 | 0 | 1 | 0 | 0 | -6.120 |