
Women's Asia Cup 2026: दुबई में भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला शुरू हो चुका है। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन टॉस के दौरान एक बार फिर दोनों कप्तानों के बीच हाथ नहीं मिलाया। हरमनप्रीत कौर और फातिमा सना आमने-सामने थीं। इसके बावजूद दोनों ने हाथ मिलाने की औपचारिकता नहीं की। इस वजह से मुकाबले से पहले ही सोशल मीडिया और क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा तेज हो गई।
बता दें पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीता। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सना की कोशिश बड़ा स्कोर खड़ा करने की है। उनका मानना है कि टीम की गेंदबाजी मजबूत है। इसलिए पहले रन बोर्ड पर लगाने के बाद भारत पर दबाव बनाया जा सकता है।
सना ने कहा कि टीम ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर बातचीत की है। खिलाड़ी पिच के हिसाब से खेलने की कोशिश करेंगे। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ जीत से की है। उसके पास अभी हांगकांग के खिलाफ एक और मुकाबला भी बाकी है।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाजी मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि टीम की गेंदबाजी इस टूर्नामेंट में अच्छी रही है। भारत की कोशिश पाकिस्तान को कम स्कोर पर रोकने की होगी। हरमनप्रीत के मुताबिक लक्ष्य का पीछा करते समय शुरुआत में थोड़ा समय देना जरूरी है। इसके बाद बल्लेबाज अपने शॉट्स खेल सकते हैं।
हरमनप्रीत के लिए यह मुकाबला व्यक्तिगत तौर पर भी खास है। वह T20I में 150वीं बार टीम की अगुवाई कर रही हैं। उन्होंने इसे शानदार उपलब्धि बताया। हालांकि, उनके लिए रिकॉर्ड से ज्यादा मैदान पर मैच जीतना इम्पोर्टेन्ट है।
बता दें भारत और पाकिस्तान के बीच T20I रिकॉर्ड में भारतीय टीम का पलड़ा काफी भारी है। इसकी वजह ये है कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले 10 T20I मुकाबलों में से नौ में जीत दर्ज की है। पाकिस्तान को एकमात्र जीत 2022 एशिया कप में मिली थी। भारतीय टीम इस मुकाबले में आत्मविश्वास के साथ उतरी है। उसने अपने शुरुआती दोनों मैच जीते हैं। टीम पहले ही नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर चुकी है।
भारत की प्लेइंग इलेवन में स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, प्रतीक रावल और हरमनप्रीत कौर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। ऋचा घोष विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगी। दीप्ति शर्मा भी टीम का अहम हिस्सा हैं।
वहीं पाकिस्तान की टीम में मुनीबा अली, गुल फिरोजा, आयशा जफर और फातिमा सना जैसे खिलाड़ी हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पाकिस्तान की बल्लेबाजी भारत की मजबूत गेंदबाजी के सामने कितना बड़ा स्कोर बना पाती है। दूसरी ओर, भारत की कोशिश आसान लक्ष्य हासिल कर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत करने की होगी।