क्रिकेट

IND vs WI: भारत बनाम वेस्टइंडीज पहले मैच पर बारिश का साया, जानें लखनऊ के मौसम का हाल

IND vs WI 1st T20I Weather Report: वेस्‍टइंडीज को वनडे में 2-1 से हराने के बाद अब भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल सीरीज में मात देने की तैयारी कर रही है। इससे पहले एक नजर लखनऊ में मौसम के हाल पर डालते हैं।
2 min read
• •
Oct 05, 2026
IND vs WI 1st T20I Weather Report
लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम का नजारा। (फाइल फोटो सोर्स: एक्‍स@/ACBofficials)

India vs West Indies 1st T20I Weather Report: वनडे सीरीज 2-1 से जीतने के बाद भारतीय टीम अब वेस्टइंडीज को पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में हराने की तैयारी में जुटी है। सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार 6 अक्‍टूबर को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाना है। लेकिन, पहले ही मैच पर बारिश का साया मंडरा रहा है। आइये मैच से पहले आपको लखनऊ के मौसम का हाल बताते हैं।

पिछले कुछ दिनों से बिगड़ा हुआ है लखनऊ का मौसम

बता दें कि उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पिछले कुछ दिनों से मौसम काफी बिगड़ा हुआ है और 10 अक्‍टूबर तक बारिश की संभावना जताई गई है। खासतौर पर 6 से 10 अक्‍टूबर तक ज्‍यादा बारिश की संभावना है। मंगलवार को 68 प्रतिशत, बुधवार को 70 प्रतिशत, गुरुवार को 60 प्रतिशत, शुक्रवार को 68 प्रतिशत और शनिवार 55 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। इसके बाद रविवार को महज 2 प्रतिशत बारिश की संभावना है, जिसके बाद अगले एक हफ्ते तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

6 अक्‍टूबर को लखनऊ के मौसम का हाल

एक्‍यूवेदर के मुताबिक, लखनऊ में 6 अक्‍टूबर को गरज-चमक के साथ 68 प्रतिशत बारिश की संभावना है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्व से करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्‍यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में मौसम मैच में खलल डाल सकता है। हालांकि फैंस को ज्‍यादा परेशान होने की जरुरत नहीं है, क्‍योंकि दिन के मुकाबले शाम के समय बारिश कम होने के आसार हैं। इसका मतलब है कि भले ही मैच में रुकावट आए, लेकिन दर्शक पूरे मैच का लुत्‍फ उठा सकेंगे।

भारत का टी20 स्क्वाड

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव।

वेस्टइंडीज टी20 टीम

रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शाई होप (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, अकील होसेन, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, शमर स्प्रिंगर, रोमारियो शेफर्ड और आमिर जंगू।