क्रिकेट

IND vs WI 4th T20I Pitch Report: वेस्‍टइंडीज के खिलाफ चौथे T20I में भारत तोड़ सकता है अपने सबसे बड़े टोटल का रिकॉर्ड, जानें हैदराबाद की पिच का हाल

IND vs WI 4th T20I Pitch Report: भारत बनाम वेस्‍टइंडीज चौथा टी20 मुकाबला हैदराबाद में खेला जाएगा। जहां हमेशा बल्‍लेबाजों का बोलबाला रहा है। आइये इस मैच से पहले आपको राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्‍टेडियम की पिच रिपोर्ट बताते हैं।
2 min read
• •
Oct 13, 2026
IND vs WI 4th T20I Pitch Report
हैदराबाद स्थित राजीव गांधी स्‍टेडियम। (फाइल फोटो सोर्स: एक्‍स@/mufaddal_vohra )

India vs West Indies 4th T20I Pitch Report: भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज अब अपने अहम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। इस सीरीज में अब तक खेले गए 3 मैच में से दो भारत ने जीतकर 2-1 से बढ़त बना रखी है। अब श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया की नजर जहां बुधवार 14 अक्‍टूबर को खेले जाने वाले चौथे मुकाबले को जीतकर सीरीज पर कब्‍जा करने पर होगी, तो वहीं विंडीज की टीम में वापसी करना चाहेगी। ऐसे में हैदराबाद में एक कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। आइये इस मैच से पहले राजीव गांधी इंटरनेशनल स्‍टेडियम की पिच का हाल आपको बताते हैं।

कैसा है पिच का मिजाज?

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशन स्टेडियम की पिच की बात करें तो यहां आमतौर से पाटा विकेट देखने को मिलता है, जिसके चलते बल्लेबाज दिल खोलकर रन कूटते हैं। सपाट पिच गेंद और बल्ले के बीच सही संपर्क होने से यहां चौकों-छक्कों की खूब बारिश होती है। इस मैदान पर अक्‍सर बड़े स्‍कोर देखने को मिलते हैं। तेज गेंदबाज हों या स्पिनर सबकी खूब धुनाई होती है। यहां रन बनाना काफी आसान है। ऐसे में एक बार फिर बल्लेबाजों की चांदी होने वाली है।

हैदराबाद के आंकड़े

हैदराबाद के आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि यही वह मैदान है, जहां भारत ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट का अपना सबसे बड़ा टोटल बनाया है। भारतीय टीम ने यहां बांग्‍लादेश के खिलाफ अक्‍टूबर 2024 में 6 विकेट के नुकसान पर 297 रन बनाए थे, जो कि यहां का टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा टोटल भी है। यहां सबसे न्‍यूनतम स्‍कोर 164 रन है, जो उसी मैच में बांग्‍लादेश ने बनाया था। इस मैदान पर अब तक कुल तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं और वे तीनों ही भारत ने जीते हैं। इस तरह यहां टीम इंडिया अब तक अजेय है।

हैदराबाद के मौसम का हाल

बुधवार, 14 अक्‍टूबर को मैच के दिन हैदराबाद में मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है। एक्‍यूवेदर के मुताबिक, बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि आसमान में हल्‍के बादलों की आवाजाही रहेगी और करीबी 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है। न्‍यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इसका मतलब है कि क्रिकेट फैंस को बिना किसी रुकावट के पूरे मैच का लुत्‍फ उठाने को मिलने वाला है।

Updated on:
13 Oct 2026 07:55 am
Published on:
13 Oct 2026 07:55 am