
Women's T20 World Cup Semifinal Scenario: वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 में आज दो बेहद महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे और दोनों का सीधा असर भारतीय टीम के सेमीफाइनल के समीकरण पर पड़ेगा। भारतीय टीम आज बांग्लादेश की जीत की भी दुआ करेगी। दरअसल, पहले मुकाबले में बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने-सामने होंगी और दोनों ही सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं। वहीं दूसरे मुकाबले में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा।
टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए हर हाल में जीत हासिल करनी होगी। हालांकि अगर बांग्लादेश साउथ अफ्रीका को हरा देता है, तो भारतीय टीम हारकर भी अंतिम चार में जगह बना सकती है। ऐसे में हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी की नजरें बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के मुकाबले पर भी रहेंगी।
फिलहाल ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया चारों मैच जीतकर 8 अंकों के साथ पहले स्थान पर है और उसका सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय है। वहीं दूसरे स्थान के लिए भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच कड़ी टक्कर चल रही है। अगर बांग्लादेश आज साउथ अफ्रीका को हरा देता है तो उसके 5 मैचों में 6 अंक हो जाएंगे, लेकिन नेट रनरेट की वजह से वह टीम इंडिया को नहीं पछाड़ पाएगी और तीसरे स्थान पर आ सकती है।
ऐसी स्थिति में अगर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़े अंतर से हार से बच जाती है तो उसके भी 6 अंक हो जाएंगे और बेहतर नेट रन रेट के दम पर वह दूसरे स्थान पर बनी रह सकती है। ग्रुप ए से शीर्ष दो टीमें ही सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया और भारत अंतिम चार में जगह बना सकते हैं।
अगर साउथ अफ्रीका बांग्लादेश को हरा देता है तो उसके 8 अंक हो जाएंगे और भारतीय टीम पर दबाव बढ़ जाएगा। फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में भारत को जीत या नेट रनरेट बचाने की चुनौती होगी। भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड भी बहुत अच्छा नहीं रहा है, इसलिए भारतीय फैंस भी चाहेंगे कि बांग्लादेश पहले मुकाबले में जीत दर्ज करे ताकि टीम इंडिया के सेमीफाइनल की राह आसान हो सके।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा। मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर देखी जा सकेगी।