
सेंचुरियन: 6 वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से मात दे दी है। मात्र 119 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 1 विकेट खोकर ही 21वें ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया। भारत की तरफ से शिखर धवन (51) ने अर्द्धशतक लगाया और कप्तान विराट कोहली (46) पर नाबाद रहे। एकमात्र विकेट रोहित शर्मा (15) का ही गिरा था। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया 6 मैचौं की सीरीज में 2-0 से आगे हो गई है।
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था, जो कि सही साबित हुआ और दक्षिण अफ्रीका की टीम 33वें ओवर में सिर्फ 118 रनों पर ऑल आउट हो गई। टीम इंडिया की तरफ से लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने सबसे ज्यादा पांच विकेट लिए। चहल और कुलदीप यादव की जोड़ी ने किसी भी अफ्रीकी बल्लेबाज को मैदान पर टिकने ही नहीं दिया। कुलदीप यादव ने भी मैच में 3 विकेट लिए, जबकि 1-1 विकेट बुमराह और भुवनेश्वर को मिला। चहल को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑप द मैच भी चुना गया।
इस जीत के साथ ही भारत ने दक्षिण अफ्रीका की जमीन पर इतिहास भी रच दिया है। इस जीत के साथ भारत ने दक्षिण अफ़्रीकी जमीन में लगातार तीन मैच जीत कर इतिहास रचा है।
ताश के पत्ते की तरह बिखरी दक्षिण अफ्रीका
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। मेजबान टीम को सधी हुई शुरुआत तो मिली, लेकिन कुलदीप और चहल ने उसकी अच्छी शुरुआत को जाया कर दिया। पहले विकेट के लिए हाशिम अमला (23) और क्विंटन डी कॉक (20) ने 39 रन जोड़े। भुवनेश्वर कुमार ने अमला को विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धौनी के हाथों कैच करा भारत को पहली सफलता दिलाई। दूसरा विकेट 51 के कुल स्कोर पर डी कॉक के रूप में गिरा। उन्हें चहल ने अपना शिकार बनाया। इसी स्कोर पर मेजबान टीम ने दो और विकेट खो दिए और उसका स्कोर 51 रनों पर चार विकेट कर दिया।
दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी
इस मैच में कप्तानी कर रहे एडिन मार्कराम (8) को कुलदीप ने भुवनेश्वर के हाथों कैच करा अपना खाता खोला। उन्होंने चार गेंद बाद डेविड मिलर जैसे खतरनाक बल्लेबाज को अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच करा भारत को चौथी सफलता दिलाई। ज्यां पॉल ड्यूमिनी (25) और पदार्पण कर रहे खाया जोंडो (25) ने टीम को संकट से निकालने की कोशिश करते हुए पांचवें विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी की, लेकिन चहल ने जोंडो को अपना शिकार बनाते हुए इस साझेदारी को तोड़ दिया। यह विकेट 99 के कुल स्कोर पर गिरा। ड्यूमिनी भी 107 के कुल स्कोर पर चहल की गेंद पर पगबाधा करार दे दिए गए। यहां से मेजबान टीम के बाकी के चार विकेट महज 11 रनों के भीतर गिर गए और वह मामूली से स्कोर पर पवेलियन में बैठ गई। कुलदीप और चहल के अलावा जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को एक-एक सफलता मिली।