क्रिकेट

IND vs AUS: नागपुर वनडे में जीत के हीरो रहे वी शंकर, गेंद और बल्ले से मचाया धमाल

- भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 251 रन का लक्ष्य दिया था। - विराट कोहली ने करियर का 40वां शतक जड़ा। - विजय शंकर ने आखिरी ओवर में 2 विकेट हासिल किए।
2 min read
Mar 05, 2019
Indian Team
Indian Team

नागपुर : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारत ने शानदार जीत दर्ज की है। आखिरी ओवर तक रोमांच से भरे इस मैच में भारत ने 8 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारत पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे हो गया है।

विजय शंकर रहे जीत के हीरो

- आखिरी ओवर डालने आए विजय शंकर जीत के हीरो रहे, क्योंकी उन्होंने आखिरी ओवर में 2 विकेट हासिल कर भारत को जीत दिलाई। हालांकि विजय शंकर के अलावा डेथ ओवर्स में कुलदीप यादव, बुमराह और शमी ने अच्छी गेंदबाजी कर जीत में योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की पूरी पारी 50वें ओवर में 242 पर ही सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया को 251 रनों का लक्ष्य मिला था।

50वें ओवर में गिरे 2 विकेट

- 50वें ओवर की पहली ही गेंद पर विजय शंकर ने मार्कस स्टॉयनिस का विकेट लेकर जीत भारत की झोली में डाल दी थी। स्टॉयनिस सेट बल्लेबाज थे। विजय शंकर ने उन्हें 52 के स्कोर पर चलता किया। इसके बाद ओवर की तीसरी गेंद पर विजय शंकर ने एडम जैंपा का विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई पारी को खत्म कर दिया।

अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाई ऑस्ट्रेलिया

- इससे पहले 251 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी रही थी। कप्तान एरॉन फिंच और उस्मान ख्वाजा के बीच पहले विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी हुई, लेकिन मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज इस शुरुआत के भुना नहीं सके। एरॉन फिंच (37) और उस्मान ख्वाजा (38) का विके 83 के ही स्कोर पर गिरा।

- फिंच और ख्वाजा का विकेट गिरने के बाद पीटर हैंड्सकॉम्ब और मार्कस स्टॉयनिस ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला। हैंड्सकॉम्ब ने 48 तो स्टॉयनिस ने 52 रन की पारी खेली। इसके अलावा ग्लेन मैक्सवेल 4 रन बनाकर कुलदीप यादव का शिकार बने।

भारतीय गेंदबाजी

भारत की जीत का श्रेय गेंदबाजों को ही जाता है। एक समय पर ऑस्ट्रेलिया मैच पर हावी होता दिख रहा था तो कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने टीम इंडिया की मैच में वापसी कराई। इसके बाद रही सही कसर विजय शंकर ने पूरी कर दी। कुलदीप यादव ने अपने स्पेल में 54 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं बुमराह और विजय शंकर को 2-2 विकेट मिले। केदार जाधव और रवींद्र जड़ेजा के खाते में 1-1 विकेट गया।

भारतीय बल्लेबाजी

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत इस सीरीज के हर मैच की तरह रही। भारत को पहला झटका शून्य पर ही लग गया था। रोहित शर्मा बिना खाता खोले आउट हुए थे। शिखर धवन लय में दिख ही रहे थे कि 21 रन के निजी स्कोर पर वो भी अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद कप्तान विराट कोहली ने विजय शंकर के साथ मिलकर 81 रन की अहम साझेदारी की। इस दौरान कोहली ने अपने करियर का 40वां शतक भी जड़ा। वहीं विजय शंकर बल्लेबाजी में अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने 46 रन की पारी खेली। महेंद्र सिंह धोनी बिना खाता खोले जैंपा का शिकार बने। रायडू ने भी 18 रन की पारी खेली।

Published on:
05 Mar 2019 10:08 pm