
Morne Morkel on Mohammed Shami test retirement: मोहम्मद शमी ने 13 साल लंबे टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 6 नवंबर 2013 को भारत के लिए अपना टेस्ट क्रिकेट में वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू करने वाले शमी ने शुक्रवार 6 नवंबर को ही संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने भारत के लिए आखिरी टेस्ट मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जून 2023 में खेला था। उसके बाद से उन्हें भारतीय सेलेक्टर लगातार नजरअंदाज करते आ रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने सबसे लंबे फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए अपने फैंस के लिए एक भावुक नोट भी छोड़ा है। भारतीय टीम के मौजूदा बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने भी उनके संन्यास पर दुख जताते हुए इमोशनल बाते कही हैं।
भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरे वनडे मैच के दौरान जब मोर्ने मोर्कल से मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट रिटायरमेंट पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि जब मैंने पहली बार इस ग्रुप के साथ शुरुआत की, तो मैं काफी लकी था कि शमी भी टीम का हिस्सा थे। आप जानते हैं कि वह बहुत स्किलफुल प्लेयर हैं, ग्रुप में एक क्वालिटी वाला लड़का है। मैं काफी लकी था, जब मैं उनके साथ जुड़ा, ताकि ड्रेसिंग रूम में एक तरह की इंडियन लैंग्वेज ला सकूं। उन्होंने मेरी काफी मदद की। उन्हें जाते हुए देखना दुख की बात है। लेकिन, वह अभी भी घर पर बहुत ओवर बॉलिंग कर रहे हैं और यह देखना अभी भी बहुत अच्छा है।
शमी ने अपनी इंस्टा पोस्ट में लिखा कि मैं सफेद जर्सी से विदा ले रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादों से कभी नहीं। जब पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब सिर्फ एक सपना था अपने देश के लिए कुछ कर दिखाने का। उसके बाद हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर कमबैक ने मुझे कुछ न कुछ सिखाया। टेस्ट क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं, मेरी जिंदगी का एक बेहद खास हिस्सा रहा है। आज भारी दिल और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ मैं टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने का फ़ैसला कर रहा हूं।
इस सफर में मेरा साथ देने वाले हर टीममेट, कोच, परिवार और उन करोड़ों भारतीयों का दिल से शुक्रिया, जिन्होंने अच्छे और मुश्किल दोनों वक्त में मुझ पर भरोसा बनाए रखा। बीसीसीआई और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) का भी दिल से शुक्रिया, जिन्होंने मेरे टैलेंट पर भरोसा किया और मुझे आगे बढ़ने के मौके देते हुए मेरे क्रिकेट के सफर में एक अहम भूमिका निभाई।
आपका साथ और विश्वास मेरे लिए हमेशा खास रहेगा। मैदान पर मेरी आखिरी टेस्ट बॉल भले ही फेंकी जा चुकी हो, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा मेरे दिल में जिंदा रहेगा।