बुमराह हैं एकदिवसीय रैंकिंग में पहले स्थान पर भारत के तीन गेंदबाज हैं टॉप-10 की लिस्ट में शामिल टॉप-20 में भुवनेश्वर कुमार भी हैं शामिल
नई दिल्ली : पहले ऐसा माना जाता था कि क्रिकेट के शॉर्टर फॉर्मेट में जीत का कारण अक्सर बल्लेबाज बनते हैं और भारतीय टीम के बारे में तो यह बात शत-प्रतिशत सही साबित होती रही है। लेकिन पिछले कुछ सालों में सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विश्व क्रिकेट में भी यह धारणा बदली है और अब ऐसा देखा जा रहा है कि गेंदबाज भी जीत में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसलिए किसी टीम को क्रिकेट का महाकुंभ जीतना है तो बल्लेबाजी के साथ-साथ उसकी गेंदबाजी भी मारक होनी चाहिए। इस लिहाज से विश्व कप में जा रही भारतीय टीम अन्य टीमों पर इक्कीस साबित हो सकती है। इसका कारण है इनका एकदिवसीय रैंकिंग। रैंकिंग भले किसी खिलाड़ी का क्लास न बताता हो, लेकिन उसका वर्तमान फॉर्म जरूर बताता है। यानी जिस गेंदबाज ने हाल के समय में जितनी अच्छी गेंदबाजी की होगी, वह रैंकिंग में उतना ऊपर होगा। आइए विश्व कप में चुने गए भारतीय गेंदबाजों की रैंकिंग क्या है।
पहले नंबर पर भारतीय गेंदबाज
बल्लेबाजी की तरह भारतीय गेंदबाज भी रैंकिंग में पहले नंबर पर हैं। भारत के जसप्रीत बुमराह इस लिस्ट में 774 अंक लेकर पहले नंबर पर विराजमान हैं। इन्हें क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में इस समय विश्व का सबसे अच्छा गेंदबाज माना जा रहा है और इनका हालिया फॉर्म भी शानदार है। जनवरी 2018 से अब तक वह 18 एकदिवसीय मैचों में 21.03 की औसत और 4.07 की इकोनॉमी से 29 विकेट ले चुके हैं और विश्व कप में कुलदीप यादव के साथ बुमराह भारतीय आक्रमण के ट्रम्पकार्ड साबित हो सकते हैं।
टॉप-10 में भारत के सबसे अधिक तीन गेंदबाज
इतना ही नहीं टॉप-10 की बात करें तो भारत के तीन गेंदबाज इस लिस्ट में शामिल हैं। बुमराह के अलावा सातवें और आठवें स्थान पर क्रमश: 689 और 680 रन लेकर कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल शामिल हैं। जबकि अन्य टीमों की बात करें तो अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के दो गेंदबाज टॉप-10 में शामिल हैं। अफगानिस्तान के राशिद खान 747 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं तो वहीं मुजीबुर्ररहमान 678 अंकों के साथ नवें स्थान पर हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर 703 अंकों के साथ चौथे और कगिसो रबाडा 701 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। इनके अलावा भारत के भुवनेश्वर कुमार भी टॉप-20 की लिस्ट में शामिल हैं। हालांकि मोहम्मद शमी रैंकिंग में काफी पीछे 35वें स्थान पर हैं।
ऐसा है एक साल में इन तीनों का प्रदर्शन
एकदिवसीय गेंदबाजी रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज कुलदीप यादव का प्रदर्शन पिछले एक साल में काफी अच्छा रहा है। वह इस विश्व कप में भारत के लिए काफी अहम खिलाड़ी साबित होंगे, यह सभी मानते हैं। इनकी खास बात यह है कि विदेशी पिचों पर भी अपनी कलाई की जादूगरी से वह विपक्षी बल्लेबाजों के लिए परेशानी का सबब बन जाते हैं। उन्होंने जनवरी 2018 से अब तक खेले कुल 30 एकदिवसीय मैचों में 20.72 की शानदार औसत और 4.96 की इकोनॉमी से 65 विकेट लिए हैं।
वहीं आठवें नंबर पर काबिज एक और कलाई के गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने जनवरी 2018 से अब तक 24 मैचों में 24.33 की औसत और 5.04 की इकोनॉमी से 45 विकेट लिए हैं। खास बात यह है कि जब ये दोनों गेंदबाज जोड़ी बनाकर गेंदबाजी करते हैं तो किसी भी बल्लेबाज के लिए परेशानी का सबब बन जाते हैं। विपक्षी बल्लेबाजों को इन दोनों की गेंदों को समझना भारी पड़ने लगता है।
एकदिवसीय रैंकिंग में 15वें स्थान पर काबिज भारत के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार सटीक लाइन लेंथ की वजह से किसी भी बल्लेबाज के लिए मुश्किलें खड़ा कर देते हैं। इन्होंने जनवरी 2018 से खेले 24 एकदिवसीय मैचों में 32.06 की औसत और 5.28 की इकोनॉमी से 30 विकेट लिए हैं।