
Temba Bavuma: जोहान्सबर्ग में खेले गए दो मैचों की टेस्ट सीरीज में पहले मैच में बांग्लादेश को 9 विकेट से करारी शिकस्त देने के बाद साउथ अफ्रीका को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। उन्हें जोहान्सबर्ग में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान दाएं पैर की पिंडली में चोट लगी थी। टेम्बा बावुमा की गैर मौजूदगी में एडेन मार्करम को कप्तान बनाया जा सकता है।
टेम्बा बावुमा को बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान चोट लगी थी। वह 49 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। हालांकि 8 विकेट गिरने के बाद वे फिर से बल्लेबाजी के लिए मैदान पर लौटे। उन्होंने कगिसो रबाडा और डैन पैटरसन के साथ रिकॉर्ड पार्टरनशिप की। वह 68 रन बनाकर नाबाद रहे थे। उन्हें इस दौरान कोई खास परेशानी नहीं होती दिखा थी। हालांकि वे बांग्लादेश के लिए दूसरी इनिंग में बैटिंग करने नहीं उतरे।
बतौर साउथ अफ्रीका कप्तान टेम्बा बावुमा का यह 16वां टेस्ट मैच था। उनकी कप्तानी में साउथ अफ्रीका को एक मात्र हार मिली थी। यह हार पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली थी।
साउथ अफ्रीका ने पहले टेस्ट मैच के 5वें दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। मेजबान टीम ने गुरुवार को लंच से कुछ समय पहले ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।
ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर और तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की शानदार गेंदबाजी के दम पर साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश की दूसरी पारी को 168 रन पर समेट दिया। इसके बाद साउथ अफ्रीका को जीत के लिए महज 12 रन का लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने सिर्फ 1.3 ओवर में हासिल कर लिया।
साउथ अफ्रीका ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 23 नवंबर से सेंचुरियन में खेला जाएगा। बांग्लादेश जहां दूसरा टेस्ट मैच जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर करना चाहेगी, वहीं साउथ अफ्रीका की नजरें सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर होगी।