क्रिकेट

IPL 2018: 350 लोगों को किया गया गिरफ्तार, तब जा कर शुरू हुआ KKR और CSK का ये मुकाबला

कावेरी जल विवाद के मसले पर विरोध कर करीब 350 लोगों को हिरासत में लेने के बाद चेन्नई में केकआर और सीएसके के बीच मुकाबला शुरू हो सका।

2 min read

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्कऱण में अभी चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। चेन्नई में जारी इस मैच के शुरू होने से पहले काफी बवाल हुआ। कावेरी जल विवाद के कारण चेन्नई में लोगों ने काफी विरोध प्रदर्शन किया। विरोध-प्रदर्शन के चलते टॉस होने में ही देरी हुई। इस मैच को शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित कराने के लिए तमिलनाडु पुलिस के करीब 4000 जवानों को स्टेडियम के बाहर तैनात किया गया था। इसके बाद भी स्थिति तनावपूर्ण भी थी। अंत में विरोध कर रहे लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार करना शुरू किया। जिसके बाद ये मैच शुरू हो सका। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक करीब 350 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

कोलकाता की टीम ने पीछे से ली इंट्री-
विरोद-प्रदर्शन के चलते प्रतिद्वंदी टीम केकेआर के सदस्यों को एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम के पीछे वाले दरवाजे से अंदर ले जाया गया। परिसर सैकड़ों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के कारण किले में तब्दील हो गया है। एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम को चेपॉक स्टेडियम के नाम से भी जाना जाता है।

हेलीकॉप्टर की भी ली जा रही है मदद-
आईपीएल विरोधी कार्यकर्ताओं को शो खराब करने से रोकने के लिए स्टेडियम जाने वाली सभी सड़कों पर सुरक्षा का जाल बिछा दिया गया है। प्रदर्शनकारियों के समूह विभिन्न रास्तों से नारे लगाते हुए क्रिकेट स्टेडियम की ओर बढ़ रहे हैं। स्टेडियम के ऊपर आसमान में हेलीकॉप्टर चक्कर लगा रहा है।

मोदी सरकार के खिलाफ हो रही है नारेबाजी-
पुलिस ने कुछ तमिल समूहों के सदस्यों को हिरासत में लिया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रदर्शनकारी सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्देशित कावेरी प्रबंधन बोर्ड (सीएमबी) और कावेरी जल नियामक समिति (सीडब्ल्यूआरसी) का गठन नहीं करने के लिए मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। एसडीपीआई के सदस्यों ने मुख्य मार्ग अन्ना सलाई पर विरोध प्रदर्शन किया जिससे यातायात बाधित हुआ।

इन चीजों को ले जाने पर मनाही -
इसके अलावा, तमिलनाडु क्रिकेट संघ (टीएनसीए) ने दर्शकों को मोबाइल फोन, रीमोट कंट्रोल वाली गाड़ी की चाबियां, बैग, पेज, रेडियो, डिजिटल डायरी, लैपटॉप, कम्प्यूटर, टैप-रिकॉडर और दूरबीन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक उपकरणों को लाने से इनकार कर दिया था।

राजीव शुक्ला ने लगाई मदद की गुहार-
इस बीच, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चेयरमैन राजीव शुक्ला ने चेन्नई में होने वाले मैचों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को केंद्रीय गृह सचिव से मुलाकात की। दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए शुक्ला ने कहा कि केंद्र, तमिलनाडु और चेन्नई पुलिस ने उन्हें आईपीएल के मैचों की मेजबानी बिनी किसी दिक्कत के कराने का आश्वासन दिया है।

ये भी पढ़ें

आंदोलनकारियों के आगे बेबस हुए IPL चेयरमैन राजीव शुक्ला, केंद्र की मोदी सरकार से लगाई मदद की गुहार
Published on:
10 Apr 2018 08:27 pm
Also Read
View All